बदायूं में ग्राम प्रधान पर फायरिंग, 5 पर FIR:पत्नी की तहरीर पर जानलेवा हमले के तहत केस दर्ज, सभी की तलाश जारी
बदायूं में ग्राम प्रधान इस्लामउद्दीन पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मंगलवार शाम दुकान से घर लौट रहे प्रधान पर घात लगाकर बैठे हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। दो गोलियां लगने से गंभीर रूप से घायल प्रधान को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटना के पीछे पुरानी रंजिश सामने आने के बाद नामजद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मामला वजीरगंज थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव का है। ग्राम प्रधान इस्लामउद्दीन की बगरैन कस्बे में बिल्डिंग मटेरियल की दुकान है। मंगलवार शाम करीब 5 बजे वह दुकान से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। गोली लगने से प्रधान गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
परिजन घायल प्रधान को अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिवार के लोग उन्हें बरेली के निजी अस्पताल ले गए। पत्नी की तहरीर पर पांच के खिलाफ केस मामले में प्रधान की पत्नी सबीना बेगम की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने हामिद, शमशाद, राशिद, मोहम्मद यासीन और बबलू के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया ने बताया कि प्रधान पर फायरिंग के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस घटना के पीछे बताई जा रही पुरानी रंजिश समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)