बेजुबान जानवरों को खाना खिलाने गई महिला से अभद्रता:मेरठ में NGO चलाने वाली महिला ने दरोगा के खिलाफ की शिकायत
मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की नंद विहार कॉलोनी में बेजुबान जानवरों को भोजन कराने गई एक महिला ने उत्तर प्रदेश पुलिस के एक दरोगा समेत कुछ लोगों पर अभद्रता, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता स्वाति बालियान ने थानाध्यक्ष को शिकायत देकर मामले में कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। शिकायत के अनुसार, स्वाति बालियान निवासी नंद विहार कॉलोनी प्रतिदिन सुबह करीब 7 बजे आसपास के बेजुबान जानवरों को भोजन कराने जाती हैं। 12 अक्टूबर 2026 को भी वह रोजाना की तरह जानवरों को खाना खिलाने निकली थीं। आरोप है कि इस दौरान मौके पर मौजूद आशीष मलिक नाम का व्यक्ति, जो महिला के अनुसार उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक है और नोएडा में तैनात है, एक कुत्ते के भौंकने पर उस पर डंडा फेंककर मारा। स्वाति के मुताबिक, घटना के समय उन्होंने कोई विवाद नहीं किया और आगे जाकर जानवरों को भोजन कराने लगीं। आरोप है कि इसके बाद आशीष मलिक और दो-तीन अन्य लोग उनके तथा उनकी मां सविता बालियान के साथ अभद्र व्यवहार करने लगे। महिला का आरोप है कि उनके साथ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया और उन्हें धमकाया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने स्वाति और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के अनुसार, संबंधित व्यक्ति ने खुद को दरोगा बताते हुए झूठे मुकदमे में फंसाने और जेल भिजवाने की धमकी भी दी। महिला ने पुलिस पद का रौब दिखाकर डराने तथा मारपीट की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। स्वाति बालियान ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह एक सामान्य नागरिक हैं और उन्हें कानून एवं प्रशासन पर विश्वास है। उन्होंने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपों की जांच करने, दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने तथा उन्हें और उनकी मां व परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। वहीं थाना प्रभारी कंकरखेड़ा जितेंद्र सिंह का कहना है कि ऐसा कोई मामला संज्ञान में नहीं है। शिकायत के आधार पर विधिवत जांच का दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)