बेल्हा देवी धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी:मां कूष्माण्डा के दर्शन के लिए लगी लंबी कतारें, अन्य मंदिरों में भी भीड़

Oct 14, 2026 - 08:46
0
बेल्हा देवी धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी:मां कूष्माण्डा के दर्शन के लिए लगी लंबी कतारें, अन्य मंदिरों में भी भीड़
प्रतापगढ़ में शारदीय नवरात्र के चौथे दिन मां बेल्हा देवी धाम में मां दुर्गा के चौथे स्वरूप मां कूष्माण्डा के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने अपनी बारी आने पर मां के दर्शन किए और उनके चरणों में माथा टेककर सुख-समृद्धि की कामना की। जिले के अन्य देवी मंदिरों में भी दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की भीड़ जुटी रही। बुधवार भोर में मां बेल्हा देवी धाम के पुजारी ने मां कूष्माण्डा का भव्य शृंगार और आरती करने के बाद मंदिर का पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया। पट खुलने से पहले ही बड़ी संख्या में भक्त पूजा की टोकरी लेकर कतार में खड़े हो गए थे। मंदिर खुलते ही दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हो गया, इसी तरह अंतू स्थित मां चंद्रिका देवी धाम, रानीगंज के मां बाराही देवी धाम और कुंडा के मां ज्वाला देवी धाम में भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। पुलिसकर्मी और धाम सेवा समिति के सदस्य लगातार परिसर में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। खासकर महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और दर्शन-पूजन को सुचारु बनाए रखने पर ध्यान दिया गया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां दुर्गा के चौथे स्वरूप को मां कूष्माण्डा कहा जाता है। मान्यता है कि अपनी मंद मुस्कान से उन्होंने ब्रह्मांड की रचना की थी। इसी कारण उन्हें सृष्टि की आदि स्वरूपा और आदिशक्ति माना जाता है। मां कूष्माण्डा अष्टभुजा देवी के नाम से भी विख्यात हैं। कहा जाता है कि उनकी उपासना करने से भक्तों के रोग, शोक और कष्ट दूर होते हैं तथा जीवन में सुख-समृद्धि आती है। नवरात्र के चौथे दिन मां कूष्माण्डा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User