'बेटियों को अवसर और भरोसा दें':महिला आयोग सदस्य बोलीं- वे आंगन से अंतरिक्ष तक पहचान बनाएंगी
लखीमपुर में गुरुवार को गोला गोकर्णनाथ के सरस्वती विद्या निकेतन मंदिर इंटर कॉलेज में युवती सम्मेलन आयोजित हुआ। इसमें बेटियों की शिक्षा, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता पर चर्चा हुई। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी ने कहा कि बेटियों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देने चाहिए। कार्यक्रम गुरुवार दोपहर एक बजे शुरू होकर 3 बजे तक चला। बेटियों की क्षमता को संभावनाओं से देखने की जरूरत सुजीता कुमारी ने कहा कि बेटियां आंगन से लेकर अंतरिक्ष तक अपनी पहचान बना सकती हैं। उनकी क्षमता को सीमाओं से नहीं, संभावनाओं से देखने की जरूरत है। ‘क्षितिजा’ केवल युवतियों का सम्मेलन नहीं है। यह बेटियों को अवसर, आत्मविश्वास और नेतृत्व के लिए समान स्थान देने की सोच को आगे बढ़ाने का मंच है। उन्होंने कहा कि बेटियां शिक्षा, विज्ञान, खेल, प्रशासन, रक्षा और अंतरिक्ष समेत कई क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं। समाज को बेटियों के निर्णय, नेतृत्व और आकांक्षाओं का सम्मान करने की संस्कृति विकसित करनी चाहिए। खुद रास्ता चुन सके, तभी सशक्तिकरण महिला आयोग की सदस्य ने कहा कि सशक्तिकरण का मतलब केवल किसी के लिए रास्ता तैयार करना नहीं है। वास्तविक सशक्तिकरण तब है, जब बेटी खुद अपने लिए रास्ता चुन सके। वह अपनी मंजिल तय करने का आत्मविश्वास रखे। जिस समाज की बेटियां निर्भीक होकर निर्णय लेती हैं, वह समाज प्रगति की दिशा में आगे बढ़ता है। संरक्षण से ज्यादा अवसर और विश्वास जरूरी सुजीता कुमारी ने कहा कि बेटियों को केवल संरक्षण देने के बजाय आगे बढ़ने के अवसर देने चाहिए। उनके भीतर आत्मविश्वास पैदा करने के साथ उनकी क्षमताओं पर विश्वास करना भी जरूरी है। परिवार, समाज और शैक्षणिक संस्थाओं को मिलकर ऐसा माहौल बनाना चाहिए, जिसमें बेटियां शिक्षा, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व और सम्मान के साथ आगे बढ़ सकें। युवतियों को शिक्षा और महिला गरिमा के प्रति किया जागरूक सम्मेलन में युवतियों को शिक्षा, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता और महिला गरिमा से जुड़े विषयों पर जागरूक किया गया। वक्ताओं ने युवतियों से अपनी प्रतिभा पहचानने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य तनिष्का तिवारी, विद्यालय की प्रधानाचार्य मधु त्रिपाठी, डॉ. प्रीति वर्मा और आरती भदौरिया समेत अन्य लोग मौजूद रहे। सम्मेलन में बड़ी संख्या में युवतियों ने प्रतिभाग किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)