भैंस को लात मारने पर पिस्टल दिखाकर धमकी:डायल-112 ने दो युवकों को दबोचा, दो जिंदा कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद
जालौन के कदौरा थाना क्षेत्र में रविवार की रात भैंस को लात मारने का विरोध करने पर पिस्टल दिखाकर धमकी देने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना कदौरा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, ग्राम चतेला निवासी सोहन लाल पुत्र सरमन रविवार की शाम 65 बजे के करीब भैंस चराकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पॉवर हाउस चतेला के पास कदौरा की ओर से एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो युवकों ने उनकी भैंस को लात मार दी। सोहन लाल ने जब इसका विरोध किया तो आरोप है कि युवकों ने उन्हें पिस्टल दिखाकर धमकी दी और मोटरसाइकिल से कदौरा की ओर भाग निकले। घटना के बाद पीड़ित ने डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पीआरवी 8835 के कर्मचारियों ने तत्काल कॉलर से संपर्क किया और उन्हें साथ लेकर आरोपियों की तलाश में कदौरा की ओर पीछा किया। पुलिस टीम ने अनीश पेट्रोल पंप के पास दोनों मोटरसाइकिल सवार युवकों को रोककर तलाशी ली। इस दौरान उनके कब्जे से एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेम सिंह पुत्र कुलवीर निवासी ग्राम टेढ़ा, थाना भरुआ सुमेरपुर, जनपद हमीरपुर और विजय पुत्र भालू सिंह निवासी ग्राम बड़ी भेड़ी, थाना जलालपुर, जनपद हमीरपुर के रूप में हुई है। मोटरसाइकिल को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है।कदौरा पुलिस ने बरामदगी के संबंध में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, पीआरवी टीम की त्वरित कार्रवाई पर कॉलर और मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की सराहना की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)