भाजपा एमएलसी देवेंद्र प्रताप के दिखे बागी तेवर:शिक्षक एमएलसी चुनाव में अपमान व अन्याय के खिलाफ वोटिंग की अपील

Oct 19, 2026 - 18:00
0
भाजपा एमएलसी देवेंद्र प्रताप के दिखे बागी तेवर:शिक्षक एमएलसी चुनाव में अपमान व अन्याय के खिलाफ वोटिंग की अपील
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी के समर्थन में आयोजित शिक्षक सम्मेलन में कथित अपमान के विरोध में भाजपा के स्नातक क्षेत्र के एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह खुलकर आ गए हैं। उन्होंने शिक्षकों से अपने संबंधों और उनके लिए किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए अपील की है कि 23 अक्टूबर को होने वाले चुनाव में वे अपमान और अन्याय के खिलाफ वोट करें। इसको लेकर उन्होंने सभी शिक्षकों के नाम खुला पत्र लिखा है और इसे अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट भी किया है। देवेंद्र सिंह ने यह तो नहीं लिखा कि किस प्रत्याशी को वोट देना है लेकिन यह साफ है कि अपने इस संदेश के जरिए उन्होंने भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ वोट करने की अपील की है। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष पर उनका अपमान करने का आरोप है। दूसरी ओर सपा प्रत्याशी डा. संजयन त्रिपाठी के समर्थकों ने इस पत्र को शेयर करना शुरू कर दिया है। वे यह लिख रहे हैं कि देवेंद्र सिंह ने डा. संजयन के पक्ष में मतदान की अपील की है। लेकिन देवेंद्र सिंह के पत्र में किसी प्रत्याशी का जिक्र नहीं है। पहले पढ़िए भाजपा एमएलसी ने पत्र में क्या लिखा "सम्मानित शिक्षक साथियों शिक्षकों एवं प्रतिभाशाली प्रतियोगी नौजवानों के हित के लिए मेरा पूरा जीवन समर्पित है। जैसे देश की सरहदों पर सैनिक देश की सीमाओं की प्रतिकूल परिस्थितियों में अदम्य साहस के साथ रक्षा करता है। ठीक उसी तरह मैं सदन से लेकर सड़क तक उसी भाव और निष्ठा के साथ आप सबके हितों के लिए संघर्ष करता हूं। अन्याय किसी के भी साथ हो, उस अन्याय के खिलाफ पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करता हूं। सबको न्याय मिले, इसके लिए मैं संघर्ष की पराकाष्ठा तक चला जाता हूं। आज तक मेरे दरवाजे से कोई निराश या खाली हाथ नहीं गया। शिक्षक और प्रतियोगी नौजवान मेरे परिवार का हिस्सा हैं। न्याय के लिए हमारे संघर्ष को अपमानित किया गया। जिनके मन में न्याय पाने की ललक हो,जिन्हें मेरे संघर्ष में विश्वास हो, जो मेरे प्रति स्नेह, सम्मान और आत्मीय भाव रखते हों, ऐसे सभी शिक्षक साथियों से अन्याय व अपमान के खिलाफ 23 अक्टूबर को सशक्त जनादेश की प्रार्थना करता हूं।" पत्र वायरल होने के बाद मची खलबली भाजपा एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह का पत्र वायरल होने के बाद से खलबली मची है। भाजपा खेमे में भी बेचैनी है। हालांकि भाजपा पदाधिकारी इससे फर्क न पड़ने की बात कह रहे हैं लेकिन इससे हो रहे नुकसान से वे वाकिफ हैं। दूसरी ओर सपा प्रत्याशी डा. संजयन त्रिपाठी के समर्थक इस पत्र को अपने पक्ष में मान रहे हैं। देवेंद्र सिंह 4 बार गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी का चुनाव जीत चुके हैं। इसमें से दो बार सपा से जीते थे। शिक्षक सम्मेलन के दिन यह हुआ था 12 अक्टूबर को शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी के पक्ष में विशाल शिक्षक सम्मेलन का आयोजन महंत दिग्विजयनाथ पार्क में किया गया था। इसमे मुख्यमंत्री का संबोधन होना था। लेकिन मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में पहुंचने से कुछ देर पहले वहां गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह वहां पहुंचे। कई लोगों से मिलते हुए वह मंच की ओर जा रहे थे। चर्चा है कि भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष ने उन्हें यह कहते हुए मंच पर जाने से रोक दिया कि विधायकों के बैठने की व्यवस्था नीचे है। इसपर देवेंद्र सिंह ने कुछ जवाब दिया। भाजपा सूत्रों की मानें तो इसके बाद क्षेत्रीय अध्यक्ष नाराज हो गए और देवेंद्र सिंह को काफी खरी-खोटी सुनाई। आरोप है कि क्षेत्रीय अध्यक्ष ने यहां तक कहा कि ''तुम्हारे जैसे बहुत विधायक देखे हैं।'' देवेंद्र सिंह वहां से चुपचाप निकल गए। उनके समर्थकों का कहना है कि इस अपमान से वह काफी आहत हैं। दो बार देवेंद्र सिंह के घर जा चुके हैं भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह इस मामले में पूरी तरह से खामोश थे। अब जाकर उन्होंने कोइ्र टिप्पणी की है। लेकिन उनके समर्थक अपनी नाराजगी खुलकर व्यक्त कर रहे थे। सोशल मीडिया के साथ शिक्षकों के वाट्सएप ग्रुपों पर भी इस अपमान को लेकर शिक्षक अपनी नाराजगी प्रकट कर रहे हैं। इधर, देवेंद्र सिंह की इस खामोशी ने भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी की चिंता बढ़ा दी है। सूत्रों की मानें तो ध्रुव सोमवार शाम एवं मंगलवार को सुबह, दो बार देवेंद्र सिंह के आवास जा चुके हैं लेकिन उनसे मुलाकात नहीं हो सकी। फोन कॉल का भी कोई जवाब नहीं आया। जानिए कोन हैं देवेंद्र प्रताप सिंह देवेंद्र प्रताप सिंह, गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गांव भौवापार के मूल निवासी हैं। उन्होंने छात्रनेता के रूप में अपनी राजनीतिक पारी शुरू की थी। छात्र आंदोलनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। हालांकि वह छात्रसंघ पदाधिकारी नहीं रहे लेकिन अपने जुझारूपन के नाते जाने जाते थे। उन्होंने औपचारिक राजनीति सपा के साथ शुरू की। 1998 में सपा ने उन्हें गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया और वह जीत गए। 2004 में भाजपा ने यहां के प्रतिष्ठित डॉक्टर वाईडी सिंह को प्रत्याशी बनाया। उन्हें जिताने के लिए तत्कालीन सांसद योगी आदित्यनाथ ने भी खूब जोर लगाया। डा. वाईडी सिंह चुनाव जीत गए। 2010 में एक बार फिर देवेंद्र सिंह सपा के टिकट पर मैदान में थे। इस बार उन्होंने क्षेत्र में अपनी पकड़ और मजबूत कर ली। वह चुनाव जीत गए। लेकिन अखिलेश सरकार में ही युवाओं एवं उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग से जुड़े मुद्दों पर लगातार सवाल उठाने के कारण वह सपा से अलग हो गए। 2015 में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ले ली। 2017 का स्नातक निर्वाचन का चुनाव भाजपा के टिकट पर लड़े और जीते। 2023 का चुनाव भी वह भाजपा के टिकट पर लड़े और जीते। उन्हें इस निर्वाचन क्षेत्र का माहिर राजनीतिक खिलाड़ी माना जाता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User