भाजपा के शिक्षक सम्मेलन में गोरखनाथ बाबा की उपेक्षा?:मंच से नाम तक नहीं लिया, शायरी में छलका पूर्व विधायक का दर्द
अवध विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद प्रेक्षागृह में शुक्रवार को आयोजित शिक्षक मतदाता सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया। लेकिन सम्मेलन के दौरान मिल्कीपुर के पूर्व भाजपा विधायक गोरखनाथ बाबा को मंच पर जगह नहीं मिली। उन्हें आम कार्यकर्ताओं के बीच बैठकर प्रदेश अध्यक्ष का संबोधन सुनना पड़ा। यहां तक कि मंच से उनका नाम भी नहीं लिया गया। इसको लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा रही। पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा से जब मंच पर स्थान नहीं मिलने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने शायराना अंदाज में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, ''अपने चेहरे से जो जाहिर हैं, छुपाएं कैसे, तेरी मर्जी के मुताबिक नजर आएं कैसे।'' इसके बाद उन्होंने कहा, ''लाख तलवार बड़ी आती है गर्दन की तरफ, सर झुकाना नहीं आता तो झुकाएं कैसे।'' उनके इस अंदाज को सम्मेलन में मिले सम्मान से जोड़कर देखा जा रहा है। गोरखनाथ बाबा ने कहा कि उन्हें मिल्कीपुर की जनता से बहुत प्यार और दुलार मिला है। उन्होंने कहा कि फोटो खिंचवाने और धक्का खाने का समय अब चला गया है। सम्मान के साथ बुलाया जाएगा तो आदमी जाएगा, नहीं तो आराम से बैठा रहेगा। पूर्व विधायक ने यह भी कहा कि उन्हें लगा कि जिलाध्यक्ष ने कई बार कोशिश की। हालांकि, इस संबंध में उन्होंने विस्तार से कुछ कहने से बचते हुए कहा, ''कैमरे पर हम क्या कहें, जाने दो, छोड़िए।'' शिक्षक मतदाता सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं तथा शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी के पक्ष में मतदान की अपील की। कार्यक्रम में भाजपा के कई विधायक, पूर्व सांसद, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)