भाजपा नेता के फॉर्म हाउस से कर्मचारी लापता:परिजनों ने नेता पर लगाए आरोप, अनहोनी की आशंका जताई

Oct 04, 2026 - 12:54
0
भाजपा नेता के फॉर्म हाउस से कर्मचारी लापता:परिजनों ने नेता पर लगाए आरोप, अनहोनी की आशंका जताई
आगरा के एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के फाउंड्री नगर स्थित शोभा नगर में भाजपा नेता रामवीर सिसौदिया के फार्म हाउस से उनका कर्मचारी लापता हो गया। मध्य प्रदेश के भिंड निवासी राजवीर शर्मा करीब 19 साल से फार्म हाउस पर काम कर रहे थे। उनके लापता होने के मामले में भतीजे जितेंद्र शर्मा ने भाजपा नेता समेत 5 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जितेंद्र शर्मा के मुताबिक, उनकी मां का 28 जून को निधन हो गया था। इसके बाद वह अपने चाचा राजवीर शर्मा से फोन पर संपर्क कर उन्हें घर आने के लिए कह रहे थे। जितेंद्र का कहना है कि चाचा ने फोन पर बताया था कि अगर वहां के लोग छुट्टी देंगे, तभी वह घर आ पाएंगे। बातचीत के दौरान वह काफी परेशान लग रहे थे। मां की त्रयोदशी में भी राजवीर घर नहीं पहुंचे। इसके बाद कई बार फोन करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। 1 अक्टूबर को घर से निकलने के बाद नहीं लौटे जितेंद्र के मुताबिक, 2 अक्टूबर को रामवीर सिसौदिया ने फोन कर बताया कि राजवीर 1 अक्टूबर को घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। इसके बाद राजवीर की तलाश की गई। इस दौरान उनका मोबाइल फोन और कपड़े यमुना किनारे मिलने की बात सामने आई। जितेंद्र का आरोप है कि इसके बाद वह रिश्तेदारों के साथ रामवीर सिसौदिया के घर पहुंचे। वहां रामवीर के भाई बृजमोहन सिसौदिया, बेटे आशू सिसौदिया, कर्मचारी प्रेमशंकर और मनोज बघेल मौजूद थे। जितेंद्र के मुताबिक, इन लोगों ने राजवीर के बारे में कोई जानकारी नहीं दी और उन्हें गाली देकर वहां से भगा दिया। लापता कर्मचारी के भतीजे जितेंद्र शर्मा ने आरोप लगाया है कि रामवीर सिसौदिया ने उनके चाचा को कहीं गायब कर दिया है। उन्होंने चाचा के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई है। पुलिस ने जितेंद्र की तहरीर के आधार पर रामवीर सिसौदिया समेत 5 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस राजवीर की तलाश के साथ मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User