संविधान और लोकतंत्र बचाने मेरठ में सड़क पर समाजवादी पार्टी:नारेबाजी करते हुए किया प्रदर्शन, चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और संविधान, देश व लोकतंत्र की रक्षा की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी ने शनिवार को मेरठ में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में सपा जिलाध्यक्ष कर्मवीर गुमी, किठौर विधायक शाहिद मंजूर और मेरठ शहर विधायक रफीक अंसारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी और वोट चोरी जैसे गंभीर मामले सामने आ रहे हैं। इन्हीं मुद्दों को लेकर पार्टी ने जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं होता, तब तक सपा का आंदोलन जारी रहेगा।सपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद सभी कार्यकर्ता संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास पहुंचे। यहां नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद राष्ट्रगान किया गया। सपा जिलाध्यक्ष कर्मवीर गुमी ने कहा कि देश और लोकतंत्र को बचाने के लिए पार्टी को सड़क पर उतरना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों को लोकतंत्र और जनता के मुद्दों को लेकर किए जा रहे प्रदर्शन से परेशानी हो रही है। हम लगातार अपना विरोध जारी रखेंगे और कानून का पालन करते हुए जब तक चुनाव आयुक्त का इस्तीफा नहीं होता अपना प्रदर्शन अलग अलग जगहों पर करते रहेंगे। किठौर विधायक शाहिद मंजूर ने प्रदर्शन के दौरान पुलिस के रवैये पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे हैं, इसके बावजूद पुलिस जिस तरह का रवैया अपना रही है, उससे लगता है कि पुलिस पर सत्ता का दबाव है इसके साथ ही उन्होंने बताया कि अब विधानसभा स्तर पर भी कार्यक्रम किए जाएंगे। पार्टी के नेता अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में जाकर लोगों को चुनाव में कथित गड़बड़ी और मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग के बारे में जानकारी देंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)