भाजयुमो के दावेदारों की सोशल मीडिया से उम्र गायब!:अलीगढ़ में किसी ने जन्मतिथि से साल हटाया तो किसी ने कॉलम ही किया खाली, सिफारिशों के बीच उम्र का गणित बना नई चर्चा

Oct 15, 2026 - 08:43
0
भाजयुमो के दावेदारों की सोशल मीडिया से उम्र गायब!:अलीगढ़ में किसी ने जन्मतिथि से साल हटाया तो किसी ने कॉलम ही किया खाली, सिफारिशों के बीच उम्र का गणित बना नई चर्चा
भाजपा में मोर्चों की कमेटियां घोषित हो रही हैं, जिलाध्यक्ष से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक तैनाती का सिलसिला भी आगे बढ़ रहा है, लेकिन युवा मोर्चा की बारी आते ही इंतजार लंबा होता जा रहा है। प्रदेशभर में नियुक्तियां अटकी हैं तो दावेदारों की बेचैनी भी बढ़ती जा रही है। कोई अपने राजनीतिक सरपरस्तों के दरवाजे खटखटा रहा है तो कोई सिफारिशों के सहारे दावेदारी मजबूत करने में जुटा है। इसी बीच युवा मोर्चा की सियासत में एक और दिलचस्प चर्चा ने जगह बना ली है। कुर्सी की दावेदारी में कहीं उम्र बाधा न बन जाए, इसलिए कुछ दावेदारों की सोशल मीडिया प्रोफाइल से जन्मतिथि का ब्योरा ही गायब होने की चर्चा है। किसी ने जन्मतिथि में साल नहीं रखा तो किसी ने पूरा कॉलम ही खाली कर दिया। अब सवाल यह है कि जब संगठन में पद के लिए दावेदारी इतनी मजबूत है, तो उम्र बताने में हिचकिचाहट क्यों? उम्र 35 के पार तो दावेदारी में अड़ंगा? भाजपा युवा मोर्चा में इस बार 35 वर्ष तक की उम्र वाले पदाधिकारियों को जगह दिए जाने की चर्चा है। ऐसा अब तक प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा से लेकर आसपास के राज्यों में हुई तैनातियों को देखते हुए कहा जा रहा है। इसी चर्चा ने उन दावेदारों की चिंता बढ़ा दी है, जिनकी उम्र निर्धारित सीमा से अधिक हो सकती है। नियुक्ति के लिए बायोडेटा भेजे जा चुके हैं और संगठन में दावेदारी के लिए संपर्कों का दौर भी जारी है। ऐसे में उम्र का सवाल उठना स्वाभाविक है। चर्चा है कि कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर जन्मतिथि का विवरण अधूरा कर दिया है। वजह उम्र सीमा से जुड़ी है या इसके पीछे कोई दूसरा कारण है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन इस घटनाक्रम को लेकर संगठन के सियासी गलियारों में खूब चर्चा हो रही है। सिफारिशों का जोर, लेकिन जन्मतिथि का क्या होगा? युवा मोर्चा में पद पाने के लिए दावेदार अपने-अपने स्तर से पूरी ताकत लगा रहे हैं। किसी को अपने राजनीतिक आका के भरोसे उम्मीद है तो कोई संगठन में अपनी सक्रियता और संपर्कों के दम पर दावेदारी जता रहा है। बायोडेटा संबंधित स्तरों तक पहुंचने के बाद अब नजर नियुक्तियों पर है। इसी बीच दावेदारों के बीच यह आशंका भी चर्चा में है कि कहीं नियुक्ति से पहले उम्र और दस्तावेजों का मिलान न होने लगे। यदि ऐसा हुआ तो सोशल मीडिया प्रोफाइल पर जन्मतिथि छिपाने या अधूरी रखने की चर्चा अपने आप में सवाल बन सकती है। आखिरकार, पद के लिए भेजे गए बायोडेटा में उम्र का ब्योरा होगा ही। ऐसे में सोशल मीडिया से साल हटाने भर से उम्र का हिसाब बदलने वाला नहीं है। प्रदेशभर में युवा मोर्चा की तैनाती का इंतजार भाजपा ने प्रदेश स्तर पर सभी मोर्चों का गठन कर दिया है। अधिकांश मोर्चों में जिलाध्यक्षों से लेकर क्षेत्रीय कमेटियों तक की घोषणाएं भी हो चुकी हैं। इसके बावजूद युवा मोर्चा में प्रदेशभर में अब तक तैनाती नहीं हुई है। इस देरी ने दावेदारों के इंतजार को और लंबा कर दिया है। नियुक्ति की तारीख तय नहीं होने से हर दावेदार अपने स्तर से जानकारी जुटाने और पैरवी करने में लगा है। कौन किसके संपर्क में है और किसकी सिफारिश कहां तक पहुंची है, यह भी संगठन के भीतर चर्चा का हिस्सा बना हुआ है। हालांकि, नियुक्तियों में देरी की आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है। अब नियुक्ति के साथ उम्र का हिसाब भी चर्चा में युवा मोर्चा की कमेटी घोषित होने से पहले ही दावेदारी, सिफारिश और उम्र को लेकर चर्चाओं का दौर तेज है। अगर 35 वर्ष की सीमा नियुक्तियों का औपचारिक मानक बनती है, तो उम्र का सत्यापन अहम हो सकता है। ऐसे में सोशल मीडिया पर जन्मतिथि का ब्योरा अधूरा होने की चर्चा ने पूरे मामले को और दिलचस्प बना दिया है। सियासी सवाल यही है, दावेदारी में सरपरस्तों की सिफारिश कितनी काम आएगी और दस्तावेजों की कसौटी पर कौन खरा उतरेगा? फिलहाल नियुक्तियों की घोषणा का इंतजार है, लेकिन कुर्सी मिलने से पहले ही उम्र का गणित दावेदारों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। अलीगढ़ में तीन महानगर अध्यक्ष पद भी खाली अलीगढ़ की बात करें तो यहां महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष, किसान मोर्चा महानगर अध्यक्ष और एससी मोर्चा महानगर अध्यक्ष के पद भी अभी खाली बताए जा रहे हैं। ऐसे में स्थानीय स्तर पर भी संगठन की नियुक्तियों का इंतजार बना हुआ है। दूसरी ओर युवा मोर्चा की प्रदेशव्यापी तैनाती नहीं होने से यहां के दावेदारों की निगाहें भी प्रदेश नेतृत्व के फैसले पर टिकी हैं। महानगर अध्यक्ष पदों पर नियुक्तियों और युवा मोर्चा की कमेटी को लेकर हलचल के बीच राजनीतिक संपर्क साधने का सिलसिला जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User