भारतीय मजदूर संघ ने तहसील संयोजकों की नियुक्ति की:जिला कार्यकारिणी बैठक में संगठन विस्तार और कर्मचारियों से सीधा संवाद बढ़ाने पर जोर
भारतीय मजदूर संघ जिला आगरा ने संगठन को तहसील स्तर तक मजबूत करने के लिए नए प्रभारियों और तहसील संयोजकों की नियुक्ति की है। कमला नगर में हुई जिला कार्यकारिणी की बैठक में संगठन की गतिविधियों को सभी क्षेत्रों तक पहुंचाने और कर्मचारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने पर चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भगौर के मार्गदर्शन में हुई बैठक में जिला कार्यकारिणी में अनामिका शर्मा, कुलदीप राना और जगन्नाथ शर्मा को प्रभारी नियुक्त किया गया। वहीं तहसील स्तर पर लोकेन्द्र तिवारी को सदर, राजेश सिंह को खेरागढ़, मंजू को फतेहाबाद, राहुल भारद्वाज को किरावली, डॉ. शैलेंद्र राजपूत को बाह और अंशुल पचौरी को एत्मादपुर का संयोजक बनाया गया। बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और कर्मचारियों से सीधा संवाद जरूरी है। नवनियुक्त प्रभारी और तहसील संयोजक अपने क्षेत्रों में कर्मचारियों से संपर्क कर उनकी समस्याएं, जरूरतें और सुझाव संगठन तक पहुंचाएंगे। जिला मंत्री सौरभ शर्मा ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ कर्मचारियों की समस्याओं को संगठन के माध्यम से उचित मंच तक पहुंचाने का काम करेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश महामंत्री अनिल उपाध्याय के निर्देश के अनुसार जल्द ही सभी क्षेत्रों में भारतीय मजदूर संघ की शाखाओं का गठन किया जाएगा। इसके साथ ही सदस्यता, संपर्क अभियान और संगठन विस्तार के कार्यक्रम चलाए जाएंगे। बैठक में पप्पी धनगर, सोमेश शर्मा और कार्यालय प्रमुख ऋषिकेश झा मौजूद रहे। व्यवस्थाओं में पार्षद प्रदीप अग्रवाल ने सहयोग किया। संचालन जिला मंत्री सौरभ शर्मा ने किया। अंत में नवनियुक्त प्रभारियों और तहसील संयोजकों को शुभकामनाएं दी गईं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)