भगवान के मुकुट चोरी करने वाला 24 घंटे में गिरफ्तार:कानपुर में 100 सीसीटीवी की मदद से पकड़ा गया आरोपी, दो लाख के मुकुट बरामद
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के गेट नंबर एक-ए स्थित श्री झगड़ेश्वर हनुमान मंदिर से भगवान गणेश, मां दुर्गा, मां काली और हनुमान जी के मुकुट चोरी करने वाले आरोपी को जीआरपी ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से सफेद धातु के चार मुकुट बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत दो लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। आरोपी को सोमवार दोपहर 12:15 बजे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ओमनारायण सिंह ने बताया कि मंदिर से मुकुट चोरी होने के मामले में रविवार को थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने रेलवे स्टेशन और आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही धरातलीय सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश की गई। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, पुलिस टीम ने रविवार रात को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के प्रयागराज साइड स्थित कूड़ाघर के पास से आरोपी कृष्णा तिवारी (20) निवासी लवली टीका मऊ, थाना बिसंडा, जिला बांदा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्टेशन के गेट नंबर एक-ए पर बने श्री झगड़ेश्वर हनुमान मंदिर, काली मां, दुर्गा और गणेश भगवान के चार मुकुट चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के सभी चार मुकुट बरामद कर लिए। जीआरपी प्रभारी ओमनारायण सिंह ने बताया कि रेलवे में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना का खुलासा किया। आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह पहले किसी चोरी की घटना में शामिल रहा है या नहीं। मामले में आगे की जांच जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)