बहन के घर से लौटते समय युवक की मौत:प्रयागराज में पुलिस चौकी से 200 मीटर दूर हाईवे पर हुआ हादसा, ग्रामीणों ने किया हंगामा
प्रयागराज के मऊआइमा में बहन के घर से लौट रहे 22 वर्षीय वीरेंद्र सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई। गुरुवार की शाम नेशनल हाईवे पर रामनगर गंजियारी के सामने अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल वीरेंद्र को पुलिस ने एंबुलेंस से सीएचसी मऊआइमा पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पहले देखिए तस्वीरें- अब जानिए पूरा मामला… प्रतापगढ़ जिले के चौहान का पूरा निवासी वीरेंद्र सिंह पुत्र ननकू गुरुवार शाम अपनी बहन के घर से लौट रहा था। शाम करीब सात से आठ बजे के बीच वह रामनगर गंजियारी पुलिस चौकी से लगभग 200 मीटर दूर नेशनल हाईवे पर पहुंचा। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। इलाज के दौरान तोड़ा दम हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर सूचना दी। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल वीरेंद्र को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मऊआइमा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में ग्रामीणों ने किया हंगामा युवक की मौत के बाद अस्पताल में मौजूद कुछ ग्रामीणों ने हंगामा किया। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद रात करीब 9:30 बजे आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल, प्रयागराज भेज दिया गया। चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था वीरेंद्र चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। कम उम्र में उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बहन के घर से लौट रहे वीरेंद्र के साथ हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। जिस घर में उसके लौटने का इंतजार हो रहा था, वहां अब चीख-पुकार मची है। पुलिस के अनुसार, अज्ञात वाहन और उसके चालक के संबंध में तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। हादसे की जांच जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)