बहन की सगाई में घर लौट रहे सिपाही की मौत:कन्नौज में ककरैया मोड़ पर अज्ञात वाहन ने बुलेट सवार को कुचला, 15 दिन पहले हुआ था सेना में चयन; अयोध्या में तैनात थे

Oct 09, 2026 - 14:42
0
बहन की सगाई में घर लौट रहे सिपाही की मौत:कन्नौज में ककरैया मोड़ पर अज्ञात वाहन ने बुलेट सवार को कुचला, 15 दिन पहले हुआ था सेना में चयन; अयोध्या में तैनात थे
कन्नौज में बहन की सगाई के लिए घर लौट रहे सिपाही की सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक अयोध्या कोतवाली में सिपाही के पद पर कार्यरत था। अपनी छोटी बहन की सगाई में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर लौट रहा था। हाल ही में उसका चयन सेना में भी हुआ था। जिसे लेकर घर में खुशियों का माहौल था। हादसे के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन की पहचान व तलाश के लिए जांच शुरू कर दी है। सड़क किनारे खून से लथपथ मिले सिपाही सौरिख थाना क्षेत्र के ब्राहिमपुर गांव निवासी अरुण प्रताप सिंह के पुत्र विकास सिंह (26) अयोध्या कोतवाली में बतौर सिपाही तैनात थे। शुक्रवार सुबह वे अपनी बुलेट बाइक से घर की ओर आ रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक ककरैया मोड़ के पास पहुंची, तभी एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विकास सड़क किनारे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वह सड़क पर ही खून से लथपथ पड़े रहे। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सौरिख लेकर पहुंची। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। 12 अक्टूबर को बहन की सगाई, 15 दिन पहले सेना में भी हुआ था चयन हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के पिता अरुण प्रताप सिंह, माता अनीता सिंह तथा बहनें सपना व चेतना रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने बताया कि 12 अक्टूबर को छोटी बहन चेतना की सगाई तय थी। जिसकी तैयारियों को लेकर घर में उत्सव का माहौल था। विकास इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आ रहे थे। 15 दिन पहले ही विकास का चयन भारतीय सेना (आर्मी) में भी हुआ था। जिससे परिवार में दोहरी खुशी का माहौल था। लेकिन इस एक सड़क हादसे ने पूरे परिवार के सपनों और खुशियों को मातम में बदल दिया। पुलिस का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवा दिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। हादसे को अंजाम देकर भागने वाले अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के रास्तों और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि टक्कर मारने वाले वाहन और चालक की पहचान होने के बाद ही हादसे की सही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User