लखनऊ में रुक गया था टेनिस क्रिकेट खिलाड़ी पवन भागलपुरिया:बोले- दोस्त कार से चले गए थे आगे; VIDEO कॉल पर बात होने के बाद परिजनों ने ली राहत की सांस

Oct 09, 2026 - 14:42
0
लखनऊ में रुक गया था टेनिस क्रिकेट खिलाड़ी पवन भागलपुरिया:बोले- दोस्त कार से चले गए थे आगे; VIDEO कॉल पर बात होने के बाद परिजनों ने ली राहत की सांस
सुलतानपुर में बुधवार को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए कार हादसे के बाद पुलिस प्रशासन की ओर से जारी वीडियो से भागलपुर में अफरा-तफरी मच गई। वीडियो में टेनिस क्रिकेटर पवन भागलपुरिया का नाम सुनकर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। घर में चीख-पुकार मच गई और रिश्तेदारों व परिचितों की भीड़ जुटने लगी। हालांकि, कुछ देर बाद पवन से फोन और वीडियो कॉल पर बात हुई तो उसके सुरक्षित होने की जानकारी मिली। इसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। हादसे के बाद पुलिस की ओर से जारी वीडियो में कार में सवार लोगों के नाम बताए जा रहे थे। इसी दौरान पवन भागलपुरिया का नाम भी लिया गया। नाम सुनते ही भागलपुर में उसके परिजन और परिचित घबरा गए। उन्हें लगा कि पवन भी हादसे का शिकार हो गया है। सूचना फैलते ही लोग उसके घर पहुंचने लगे और उसके बारे में जानकारी लेने लगे। फोन पर बताया- हादसे वाली कार में नहीं था परिजनों ने पवन के मोबाइल पर फोन किया तो उसने बताया कि वह हादसे वाली कार में सवार नहीं था। पवन के मुताबिक, वह लखनऊ में ही रुक गया था, जबकि उसके कुछ साथी कार से आगे चले गए थे। इसी कार का पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा हुआ। पवन ने परिजनों को यह भी बताया कि वह अपने साथियों का हाल जानने के लिए अस्पताल जा रहा है। इसके बाद पवन ने वीडियो कॉल पर परिजनों से बात की। उसे सुरक्षित देखकर परिवार ने राहत की सांस ली। घर पहुंचे रिश्तेदारों और मोहल्ले के लोगों को भी पवन के सुरक्षित होने की जानकारी दी गई। गलतफहमी से परिवार को हुई परेशानी परिजन गोविंद चौरसिया, मणि यादव, सुजीत, कन्हैया, संतोष और प्रदीप समेत क्षेत्र के लोगों ने पुलिस की ओर से जारी वीडियो में नाम बताए जाने के तरीके पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि वीडियो से पवन के हादसे में शामिल होने की गलतफहमी पैदा हुई, जिससे परिवार को काफी मानसिक परेशानी हुई। पवन के परिजनों और भागलपुर के लोगों ने पुलिस प्रशासन से अपील की कि हादसों से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करते समय नामों की सही तरीके से पुष्टि की जाए, ताकि किसी परिवार में अनावश्यक घबराहट और अफरा-तफरी की स्थिति न बने।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User