‘भ्रम में मत रहो, तुम्हारे बुलडोजर से डर जाएंगे’:लखनऊ में एंबुलेंस ड्राइवरों का प्रदर्शन, रोते हुए बोले- कोरोना में हीरो कहा, बाद में नौकरी से निकाला

Oct 02, 2026 - 13:05
0
‘भ्रम में मत रहो, तुम्हारे बुलडोजर से डर जाएंगे’:लखनऊ में एंबुलेंस ड्राइवरों का प्रदर्शन, रोते हुए बोले- कोरोना में हीरो कहा, बाद में नौकरी से निकाला
लखनऊ में शुक्रवार को डायल-108 और डायल-102 एंबुलेंस के ड्राइवरों ने नौकरी से निकाले जाने के विरोध में हजरतगंज में प्रदर्शन किया। गांधी प्रतिमा पर पहुंचे कुछ ड्राइवर रोने लगे। उन्होंने कहा- कोरोना में फ्रंटलाइन वॉरियर बनकर सेवा की, बाद में 9 हजार कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया। 5 साल से रोजगार के लिए भटक रहे हैं, हम बुलडोजर से डरने वाले नहीं हैं। ड्राइवरों ने हाथों में तख्तियां लेकर ‘कोरोनाकाल में हमें हीरो कहा, अब हम जीरो हो गए’ और ‘डिप्टी सीएम इस्तीफा दो’ के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि रोजगार के लिए लखनऊ और कन्नौज के चक्कर काटते-काटते थक चुके हैं। कई बार लखनऊ आकर भूखे रहना पड़ता है। प्रदर्शन की 2 तस्वीरें देखिए… चारबाग में 40-50 साथियों को हिरासत में लेने का आरोप प्रदर्शनकारियों ने बताया कि हजरतगंज पहुंचने से पहले चारबाग रेलवे स्टेशन पर उनके 40 से 50 साथियों को हिरासत में ले लिया गया। इसके बाद हजरतगंज पहुंचे कर्मचारियों ने गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में ले लिया। ड्राइवरों का कहना है कि कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने दिन-रात एंबुलेंस सेवाएं दीं। इसके बावजूद 2021 में GVK-EMRI कंपनी ने करीब 9 हजार कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया। तब से वे रोजगार के लिए भटक रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मामले में हस्तक्षेप कर नौकरी वापस दिलाने की मांग की। ‘बच्चे तड़प रहे, कोई सुनने वाला नहीं’ नीतीश ने कहा, कोरोना में जान की बाजी लगाकर काम किया। हमारे एक दर्जन से ज्यादा साथी कर्मचारियों की जान चली गई, लेकिन उन्हें कोई सम्मान नहीं मिला। उनके परिवारों को मुआवजा भी नहीं मिला। हमारी रोजी-रोटी छिन गई है। भुखमरी के कगार पर हैं। बच्चे तड़प रहे हैं, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।” उन्होंने कोरोना काल में मिले सम्मान पत्र को दिखाते हुए कहा, जब नौकरी ही नहीं है, तो इस प्रमाण पत्र का क्या करें? इसके ऊपर आलू रखकर खाएं? प्रदर्शनकारियों ने कंपनी पर कर्मचारियों को नौकरी से निकालने और शारीरिक व मानसिक शोषण करने के आरोप लगाए। उन्होंने दोबारा नौकरी देने की मांग की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User