BHU के छात्रावासों में 27% OBC आरक्षण की मांग:छात्रों ने कुलसचिव को सौंपा ज्ञापन,छात्र बोले - चरणबद्ध तरीके से करेंगे विरोध
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के छात्रावासों में अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग तेज हो गई है। इस मांग को लेकर छात्रों ने विश्वविद्यालय के केंद्रीय कार्यालय पहुंचकर कुलसचिव कार्यालय में ज्ञापन सौंपा और जल्द से जल्द आरक्षण लागू करने की मांग उठाई। कुलसचिव डॉ. राजन श्रीवास्तव के अवकाश पर होने के कारण छात्रों ने कुलसचिव के प्रभारी डॉ. मनोज पांडेय, जो विश्वविद्यालय के वित्ताधिकारी भी हैं, से मुलाकात की। छात्रों ने उन्हें अपनी मांग और इससे जुड़े पुराने दस्तावेजों की जानकारी दी। साथ ही, मामले को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर उचित कार्रवाई कराने का आग्रह किया। 2022 में समिति ने भी की थी सिफारिश छात्रों का कहना है कि BHU के छात्रावासों में अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के विद्यार्थियों के लिए आरक्षण की व्यवस्था है, लेकिन OBC विद्यार्थियों के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण अब तक लागू नहीं हुआ है। इससे छात्रावास आवंटन में इस वर्ग के विद्यार्थियों को समान अवसर मिलने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। छात्रों ने अपने ज्ञापन में बताया कि 9 जनवरी 2022 को कुलपति की ओर से गठित समिति की बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा हुई थी। बैठक में दिल्ली विश्वविद्यालय, झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय और इलाहाबाद विश्वविद्यालय में लागू व्यवस्थाओं का भी अध्ययन किया गया था। छात्रों के मुताबिक, समिति ने BHU के छात्रावासों में OBC विद्यार्थियों के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की सर्वसम्मति से सिफारिश की थी। इसके लिए छात्रावास नियमावली में जरूरी बदलाव करने की बात भी कही गई थी। छात्रों ने यह भी दावा किया कि कुलपति की ओर से मामला पहले ही कुलसचिव कार्यालय को भेजा जा चुका है। केंद्रीय पुस्तकालय के पास बैठक, आंदोलन जारी रखने का फैसला OBC आरक्षण की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे छात्रों ने केंद्रीय पुस्तकालय के मैदान में बैठक की। इसमें आगे के आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की गई। छात्रों ने फैसला लिया कि जब तक छात्रावासों में 27 प्रतिशत OBC आरक्षण लागू नहीं होता, तब तक आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रखा जाएगा। इस दौरान निर्भय यादव, हिमांशु यादव, शशि कुमार, धर्मेंद्र पाल, नितिन सोनकर, संदीप प्रजापति, अतुल यादव, आयुष मौर्य, इमरान खान और प्रिंस वीर समेत कई छात्र मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)