BHU के NCC कैडेट्स ले रहे आर्मी की ट्रेनिंग:लाइट फील्ड गन चलाना और ड्रोन उड़ाना सीखा
प्रयागराज में 604 ईएमई बटालियन (803 फील्ड वर्कशॉप कंपनी) में काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU), वाराणसी की 2 यूपी ईएमई कंपनी एनसीसी का 12 दिवसीय 'आर्मी अटैचमेंट कैंप' जारी है। 5 से 16 अक्टूबर तक चलने वाले इस कैंप के दूसरे दिन कैडेट्स ने पूरे उत्साह के साथ सेना के अहम गुर सीखे। कैंप के दूसरे दिन की शुरुआत कैडेट्स की मंदिर परेड के साथ हुई। इसके बाद सेना के अनुभवी प्रशिक्षकों ने कैडेट्स को लाइट फील्ड गन (LFG) का परिचय दिया और गन ड्रिल का कड़ा प्रशिक्षण कराया। इसके साथ ही, कैडेट्स ने 10 मीटर एयर राइफल शूटिंग में निशाना साधना सीखा और आधुनिक युद्ध प्रणाली के तहत ड्रोन संचालन की तकनीकी जानकारी भी हासिल की। शारीरिक और मानसिक चुस्ती बनाए रखने के लिए शाम के समय कैडेट्स के बीच विभिन्न खेलों का आयोजन भी किया गया। इस 12 दिवसीय कैंप में बीएचयू 2 यूपी ईएमई कंपनी के 24 कैडेट्स पूरे उत्साह के साथ सैन्य प्रशिक्षण ले रहे हैं। कैडेट्स का मार्गदर्शन करने वाली प्रशिक्षण टीम में सूबेदार एम. राउत, हवलदार एमटी पाटिल योगेश और कंपनी के एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट डॉ. सुरेश कुमार सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)