BHU में 21 अक्टूबर से शुरू होगा पीएचडी में प्रवेश:डेढ़ हजार नेट-जेआरएफ अभ्यर्थियों करेंगे आवेदन,16 संकायों में होगा दाखिला
काशी हिंदू विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस बार करीब डेढ़ हजार नेट-जेआरएफ उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को पीएचडी में प्रवेश दिया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया मंगलवार देर रात शुरू कर दी गई। अभ्यर्थी 21 अक्तूबर तक बीएचयू के प्रवेश पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे। विश्वविद्यालय ने पूरी प्रवेश प्रक्रिया करीब दो महीने में पूरी करने का कार्यक्रम जारी किया है। आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को केवल 15 दिन का समय दिया गया है। इसके बाद 22 और 23 अक्तूबर को आवेदन में सुधार के लिए करेक्शन विंडो खोली जाएगी। वहीं, साक्षात्कार के लिए कॉल लेटर 29 से 31 अक्तूबर तक डाउनलोड किए जा सकेंगे। इसके बाद 12 से 19 नवंबर तक संबंधित विभागों, केंद्रों और स्कूलों में साक्षात्कार और अभिलेखों का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों के परिणाम 25 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच जारी किए जाएंगे। प्रवेश पाने वाले अभ्यर्थियों को 16 दिसंबर को संबंधित विभाग, केंद्र या स्कूल में रिपोर्ट करना होगा। तीन मोड से मिलेगा पीएचडी में प्रवेश बीएचयू की पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया में इस बार भी तीन माध्यमों से अभ्यर्थियों को प्रवेश का अवसर मिलेगा। इनमें जेआरएफ, नेट और सीधा प्रवेश शामिल है। जेआरएफ श्रेणी में यूजीसी, सीएसआईआर, आईसीएमआर, डीबीटी या किसी अन्य राष्ट्रीय एजेंसी से जूनियर रिसर्च फेलोशिप प्राप्त अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। विश्वविद्यालय पहले ही पीएचडी प्रवेश को लेकर विस्तृत सूचना बुलेटिन जारी कर चुका है। परीक्षा नियंता कार्यालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन से लेकर प्रवेश प्रक्रिया तक की ताजा जानकारी के लिए बीएचयू की प्रवेश वेबसाइट नियमित रूप से देखते रहें। 16 संकायों में होंगे पीएचडी दाखिले बीएचयू की पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया विश्वविद्यालय के सभी प्रमुख अकादमिक क्षेत्रों को शामिल करते हुए 16 संकायों में आयोजित की जाएगी। इनमें कृषि विज्ञान, कला, आयुर्वेद, वाणिज्य, दंत चिकित्सा, शिक्षा, पर्यावरण एवं सतत विकास, विधि, प्रबंधन अध्ययन, चिकित्सा, परफॉर्मिंग आर्ट्स, संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान तथा दृश्य कला शामिल हैं। फुलटाइम पीएचडी छात्रों के लिए 2500 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस पीएचडी में प्रवेश लेने वाले फुलटाइम छात्रों के लिए एकमुश्त 2500 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस निर्धारित की गई है। इसके अलावा प्रत्येक सेमेस्टर में 2000 रुपये फीस देनी होगी। इसमें एक हजार रुपये एकेडमिक और एक हजार रुपये डेवलपमेंट फीस शामिल है। वहीं, एक्सटर्नल छात्रों के लिए रजिस्ट्रेशन फीस 10 हजार रुपये निर्धारित की गई है। छह वर्ष के पाठ्यक्रम के लिए सेमेस्टर फीस चार हजार रुपये और रजिस्ट्रेशन के लिए पांच हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)