बिधनू के 6 गांवों में नुक्कड़ से फाइलेरिया पर जागरूकता:19 नवंबर से शुरू होगा सर्वजन दवा सेवन अभियान, सभी से दवा खाने की अपील
कानपुर जनपद को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। आगामी 19 नवंबर से शुरू होने वाले सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान में इस बार कभी दवा नहीं खाने वाले और दवा लेने से इनकार करने वाले लोगों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में बिधनू ब्लॉक के छह गांवों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा खाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। गुरुवार दोपहर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में बाजपुर डेरा और जगदीशपुर गांव में राजकीय इंटर कॉलेज खेरसा के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने फाइलेरिया के दुष्प्रभावों और इससे बचाव के लिए दवा सेवन की महत्ता बताई। नाटक के माध्यम से लोगों को समझाया गया कि अभियान के दौरान दवा खाने से इस गंभीर बीमारी से बचाव में मदद मिलती है। दोनों गांवों में सैकड़ों लोगों ने बच्चों के प्रयासों की सराहना की और इस बार दवा खाने का संकल्प लिया। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश्वर ने कहा कि बच्चे बिना किसी निजी लाभ के लोगों को जागरूक कर रहे हैं। सभी को उनकी बात समझते हुए एमडीए अभियान में फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन करना चाहिए, ताकि जनपद को इस बीमारी से मुक्त बनाने के लक्ष्य को हासिल किया जा सके। जिला मलेरिया अधिकारी एके सिंह ने बताया कि फाइलेरिया मच्छरों के जरिए फैलने वाली बीमारी है। इससे बचाव के लिए दवा सेवन के साथ आसपास साफ-सफाई रखना भी जरूरी है। इस दौरान रेडियो कनपुरिया एफएम 90 की आरजे वर्षा व ज्योति ने भी लोगों को जागरूक किया। इससे पहले उरियारा, रमईपुर, अफजलपुर और मगरासा गांवों में भी नुक्कड़ नाटक आयोजित किए गए थे। बिधनू चिकित्साधीक्षक डॉ. नीरज ने कहा कि इस बार हर पात्र व्यक्ति तक दवा पहुंचाने और उसे दवा सेवन के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)