बिजली का करंट लगने से दो महिलाओं की मौत:गाजियाबाद में एक महिला घायल, खेत में काम करते समय टूटे तार की चपेट में आईं
गाजियाबाद को मंगलवार सुबह खेत में काम कर रहीं तीन महिलाएं बिजली के टूटे तार की चपेट में आ गईं। करंट लगने से दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई। हादसा भट्टा नंबर-05 रोड के पास खेत में हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उपचार के दौरान दो महिलाओं ने दम तोड़ दिया। घायल महिला का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा नंदग्राम क्षेत्र के गुलधर में हुआ है। खेत में काम करते समय हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह गुलधर स्थित भट्टा नंबर-05 रोड के पास खेत में महिलाएं काम कर रही थीं। इसी दौरान खेत में पड़ा बिजली का टूटा तार उनकी चपेट में आ गया। तार में करंट प्रवाहित होने के कारण तीनों महिलाएं उसकी चपेट में आकर झुलस गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस को सुबह करीब 8:15 बजे खेत में बिजली का टूटा तार पड़े होने और महिलाओं के करंट की चपेट में आने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों महिलाओं को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया। हालांकि, गंभीर हालत के चलते दो महिलाओं की जान नहीं बचाई जा सकी। सत्यवती और रूबी की मौत, देशश्री घायल हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान सत्यवती (करीब 50 वर्ष), पत्नी थान सिंह और रूबी (करीब 20 वर्ष), पत्नी शिवम के रूप में हुई है। वहीं, देशश्री पुत्री थान सिंह करंट लगने से घायल हुई हैं। उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। दो महिलाओं की मौत की खबर से परिजनों में शोक का माहौल है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली के खुले और टूटे तारों को लेकर चिंता जताई। पुलिस ने शुरू की जांच पुलिस ने दोनों महिलाओं के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। खेत में बिजली का तार कैसे टूटा और उसमें करंट कैसे प्रवाहित हो रहा था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)