बिजनौर में बाइक की टक्कर से छात्रा की मौत:छात्रा की मौत के बाद अंतिम संस्कार से इनकार, बोले- आरोपी पर कार्रवाई हो

Oct 19, 2026 - 12:35
0
बिजनौर में बाइक की टक्कर से छात्रा की मौत:छात्रा की मौत के बाद अंतिम संस्कार से इनकार, बोले- आरोपी पर कार्रवाई हो
बिजनौर के स्योहारा क्षेत्र में बाइक की टक्कर से छात्रा की मौत के मामले में सोमवार को परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध जताया। पोस्टमार्टम के बाद देर रात शव घर पहुंचा, लेकिन परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। परिजनों का कहना है कि जब तक आरोपी बाइक चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को समझाया। इसके बाद मामला शांत हुआ। जनसेवा केंद्र जाते समय बाइक ने मारी टक्कर स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव पीथापुर निवासी अनिल कुमार की बेटी भावना (20) रविवार सुबह करीब 10 बजे अपनी सहेली प्रिंसी के साथ धामपुर रोड स्थित फव्वारे के पास जनसेवा केंद्र जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में भावना गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने उसे निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रेलवे में नौकरी के लिए करने जा रही थी आवेदन भावना लक्ष्य डिग्री कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। वह रेलवे में नौकरी के लिए आवेदन करने जनसेवा केंद्र जा रही थी। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। भावना का सपना सरकारी नौकरी हासिल कर पिता की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाना और अपने दो छोटे भाइयों का भविष्य संवारना था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल भावना की मौसेरी बहन ने आरोप लगाया कि बाइक सवार ने पीछे से टक्कर मारी, जिससे भावना के सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि मामले में हल्की धाराएं लगाई गई हैं और हिट एंड रन का मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार न करने की बात कही। शव घर पहुंचने के बाद उनके विरोध की सूचना पुलिस को दी गई। अधिकारियों के आश्वासन पर शांत हुए परिजन मामले की जानकारी मिलने पर नायब तहसीलदार ओंकार सिंह और स्योहारा थाना प्रभारी प्रवेज कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने नाराज परिजनों को समझाया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User