बिना डिग्री ऑपरेशन, गलत नस कटने से मरीज की मौत:चंदौली में जांच में हुआ खुलासा, सीएमओ के निर्देश पर आरोपी गिरफ्तार
चंदौली के धानापुर में बिना डिग्री के मरीज का ऑपरेशन करने के आरोप में पुलिस ने शनिवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोप है कि गलत नस कटने और किडनी को नुकसान पहुंचने के कारण ऑपरेशन के बाद मरीज की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। मामला लखईपुर गांव का है। गांव निवासी चंद्रवली बिंद की बेटी सुमन की तबीयत खराब होने पर परिजनों ने उसे 18 अगस्त 2026 को महरैया स्थित इंद्रा अस्पताल में भर्ती कराया था। अगले दिन अस्पताल में इंद्रजीत प्रजापति ने उसका ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद सुमन की हालत बिगड़ गई और उसी रात उसकी मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) परितोष मिश्रा ने जांच टीम गठित की। जांच के दौरान सामने आया कि ऑपरेशन के दौरान गलत नस कट गई थी और किडनी को भी नुकसान पहुंचा था। जांच रिपोर्ट के आधार पर सीएमओ के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। धानापुर थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्र के मुताबिक, पुलिस ने 3 अक्टूबर 2026 को इंद्रजीत प्रजापति को इंद्रा अस्पताल से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसके डॉक्टर न होने के बावजूद खुद ऑपरेशन करने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, इसी ऑपरेशन के बाद मरीज की मौत हुई थी। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। धानापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. रितेश कुमार ने कहा कि चिकित्सा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि बिना डिग्री या निर्धारित चिकित्सकीय योग्यता के किसी व्यक्ति को अस्पताल में इलाज या ऑपरेशन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे मामले सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी परितोष मिश्रा ने बताया- धानापुर के इंद्रा हॉस्पिटल में बहुत सी कमियां पाई गई है अस्पताल के सील करने की कार्रवाई भी की जाएगी अभी जांच चल रही है जांच के दौरान अस्पताल के संचालक द्वारा खुद ऑपरेशन किया गया था जिसमें महिला की मौत हुई थी जांच में अस्पताल संचालक के पास वैध डिग्री नहीं मिली है जिसके कारण कार्रवाई की जा रही है आगे भी झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)