बिना सोए गाड़ी चला रहे थे देवरिया के क्रिकेटर:2 दिन में 1000 किमी से ज्यादा गाड़ी दौड़ाई, लखनऊ से लौटते समय 4 की जान गई
देवरिया में क्रिकेट खेलने का जुनून देवरिया के 4 होनहार टेनिस बॉल क्रिकेट खिलाड़ियों की जिंदगी पर भारी पड़ गया। बिहार से खेलने के बाद दो दिन में लखनऊ में मैच खेला। इसके बाद दिन में लखनऊ में मैच खेलकर वापस देवरिया लौटते समय उनकी कार बुधवार की सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सुल्तानपुर के पास हादसे का शिकार हो गई। इस दौरान वे खेलने के बाद लगातार 1000 किमी से ज्यादा दूरी तक गाड़ी चला चुके थे। हादसे का कारण झपकी आना बताया जा रहा है। दुर्घटना में चार खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद कुछ अन्य खिलाड़ी घायल हैं। हादसे की खबर मिलते ही देवरियों के चारों गांवों में मातम पसर गया। परिजन अयोध्या के लिए रवाना हो गए। मृतकों की पहचान मईल थाना क्षेत्र के बगहा गांव निवासी नित्या प्रजापति (25), बलिया दक्षिण गांव निवासी इरफान अंसारी उर्फ राज (22) और लार थाना क्षेत्र के चुरिया गांव निवासी अनिकेत सिंह (23) और आनन्द यादव (25) पुत्र स्व. नन्द यादव ग्राम, कोहरा थाना लार के रूप में हुई है। चारों क्रिकेट के अच्छे खिलाड़ी थे और देवरिया के अलावा यूपी-बिहार के विभिन्न जिलों में होने वाली प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने जाते थे। लखनऊ में खेलकर लौट रहे थे साथी खिलाड़ियों के अनुसार देवरिया के अलग-अलग गांवों के करीब 11 खिलाड़ी सोमवार रात क्रिकेट खेलने के लिए लखनऊ रवाना हुए थे। वहां बीकेजी क्रिकेट टूर्नामेंट में टीम ने प्रतिभाग किया। मैच खेलने के बाद मंगलवार रात भोजन कर खिलाड़ी वाहनों से देवरिया लौट रहे थे। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सुल्तानपुर के पास दुर्घटना हो गई। साथी खिलाड़ी पवन चौरसिया ने बताया कि नित्या और अनिकेत अच्छे ऑलराउंडर थे। दोनों टीम के साथ अक्सर यूपी और बिहार के अलग-अलग जिलों में क्रिकेट प्रतियोगिताओं में खेलने जाते थे। इरफान ने हाल ही में क्रिकेट खेलना शुरू किया था और वह भी टीम के साथ प्रतियोगिताओं में जाने लगा था। तीन परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे की सूचना मिलते ही बगहा, बलिया दक्षिण और चुरिया गांव में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। नित्या के परिवार में पिता मनोज प्रजापति और एक भाई हैं। इरफान के परिवार में पिता इफ्तिखार अहमद और तीन भाई बताए गए हैं। अनिकेत के पिता शराब की दुकान पर सेल्समैन हैं। उसके छोटे भाई अंकित और बहनें रिया व रिशु हैं। मां का नाम रंभा देवी बताया गया है। क्रिकेट खेलने के लिए नियमित रूप से घर से निकलने वाले इन युवाओं की हादसे में मौत से साथी खिलाड़ी भी सदमे में हैं। परिजन घटना की सूचना मिलने के बाद अयोध्या के लिए रवाना हो गए। हादसे की पूरी जानकारी और घायलों की स्थिति पुलिस की कार्रवाई के बाद स्पष्ट होगी।
क्रिकेट के दम पर बनाई पहचान, कंपनियां देती थीं खेलने का मौका देवरिया के तीनों खिलाड़ी टेनिस बॉल क्रिकेट में अपनी प्रतिभा के लिए पहचान बना चुके थे। स्थानीय स्तर से लेकर दूसरे जिलों में होने वाले टूर्नामेंटों में भी वे लगातार खेलते थे। उनके बेहतर प्रदर्शन के चलते अलग-अलग क्रिकेट टीमें उन्हें अपनी ओर से खेलने के लिए बुलाती थीं। टूर्नामेंटों में खेलने के एवज में उन्हें अच्छी-खासी रकम भी मिलती थी। साथी खिलाड़ियों के अनुसार, तीनों का खेल के प्रति जुनून ऐसा था कि मौका मिलते ही टूर्नामेंट में हिस्सा लेने पहुंच जाते थे। इसी शौक और प्रतिभा के कारण उनकी पहचान जिले के अच्छे टेनिस बॉल क्रिकेट खिलाड़ियों में बन गई थी। ------- हादसे की ये खबर भी पढ़ें पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर 4 क्रिकेटरों की मौत:100 की स्पीड में ट्रक में घुसी अर्टिगा, लखनऊ से देवरिया जा रहे थे सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर 4 क्रिकेटरों की सड़क हादसे में मौत हो गई। 2 लोग घायल हैं। खिलाड़ी अर्टिगा कार से लखनऊ से देवरिया जा रहे थे। बुधवार सुबह 5 बजे कार पीछे से ट्रक में घुस गई। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, झपकी आने से हादसा हुआ। कार की रफ्तार करीब 100 किमी प्रति घंटे रही होगी। पूरी खबर पढ़ें
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)