बीपीएड-एमपीएड काउंसिलिंग स्थगित अगली तारीख घोषित नहीं:छात्रों ने उठाए थे प्रवेश प्रक्रिया पर सवाल, कुलपति ऑफिस के सामने दिया था धरना
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में बीपीएड और एमपीएड की प्रवेश प्रक्रिया को लेकर विवाद के बीच 17 अक्टूबर को प्रस्तावित काउंसिलिंग स्थगित कर दी गई है। प्रवेश के लिए हुई शारीरिक दक्षता परीक्षा में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए छात्रों ने धरना दिया था। छात्रों ने परीक्षा के अंकों में बदलाव, खेल प्रमाणपत्रों के अंक नहीं जोड़ने और शारीरिक परीक्षा की वीडियोग्राफी नहीं कराने पर सवाल उठाए थे। इसी बीच विश्वविद्यालय ने काउंसिलिंग स्थगित करने की सूचना जारी की है। हालांकि, विश्वविद्यालय की ओर से स्थगन का कारण ‘अपरिहार्य कारण’ बताया गया है। काउंसिलिंग की अगली तारीख बाद में घोषित की जाएगी। शारीरिक परीक्षा के अंकों में बदलाव का आरोप छात्रों ने आरोप लगाया था कि बीपीएड और एमपीएड की प्रवेश प्रक्रिया के तहत हुई दौड़ और शारीरिक दक्षता परीक्षा के परिणामों में गड़बड़ी हुई है। उनका दावा था कि कुछ अभ्यर्थियों के अंक अलग-अलग समय पर जारी परिणामों में बदल गए। छात्रों ने सवाल उठाया कि यदि अंकों में बदलाव किया गया, तो उसका आधार क्या था और इसकी जिम्मेदारी किसकी है। खेल प्रमाणपत्रों के अंक नहीं जोड़ने की शिकायत प्रदर्शनकारी अभ्यर्थी गुरुदत्त गुप्ता ने आरोप लगाया था कि उनकी खेल उपलब्धियों के अंक नहीं जोड़े गए। उन्होंने बताया कि उनके पास खेल से जुड़े मेडल और उपलब्धियां हैं, इसके बावजूद उन्हें अपेक्षा के अनुरूप अंक नहीं मिले। वहीं, आनंद यादव ने कहा था कि वह चार बार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं, लेकिन उन्हें अपनी उपलब्धियों के अनुरूप अंक मिलने पर सवाल हैं। वीडियोग्राफी नहीं होने पर उठाए सवाल छात्रों ने शारीरिक दक्षता परीक्षा की वीडियोग्राफी नहीं कराए जाने पर भी सवाल उठाए थे। उनका कहना था कि पहले परीक्षा के दौरान वीडियो रिकॉर्डिंग होती थी, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। छात्रों ने पूरी प्रवेश प्रक्रिया की जांच कराने और परीक्षा के अंकों का दोबारा सत्यापन करने की मांग की थी। कुलसचिव ने अगली तारीख अलग से घोषित करने की बात कही विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, सत्र 2026-27 में बीपीएड एवं एमपीएड पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 17 अक्टूबर को आयोजित होने वाली काउंसिलिंग अपरिहार्य कारणों से स्थगित की गई है। कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय ने बताया कि काउंसिलिंग की अगली तिथि अलग से घोषित की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)