बिठूर चेयरमैन उपचुनाव में BJP-कांग्रेस आमने-सामने:13 अक्टूबर को मतदान, सपा-बसपा ने नहीं उतारा प्रत्याशी

Sep 26, 2026 - 07:41
0
बिठूर चेयरमैन उपचुनाव में BJP-कांग्रेस आमने-सामने:13 अक्टूबर को मतदान, सपा-बसपा ने नहीं उतारा प्रत्याशी
कानपुर की बिठूर नगर पंचायत के चेयरमैन पद के लिए उपचुनाव 13 अक्टूबर को होगा। 22 जून को लगातार पांच बार चेयरमैन रहीं डॉ. निर्मला सिंह के निधन के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। उपचुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर होने जा रही है। सपा ने प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा है, जबकि बसपा ने भी उपचुनाव में प्रत्याशी उतारने से दूरी बनाए रखी है। साल 2023 में हुए बिठूर नगर पंचायत चेयरमैन के चुनाव में डॉ. निर्मला सिंह ने लगातार पांचवीं बार जीत हासिल की थी। डॉ. निर्मला सिंह बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा की माता थीं। वह भाजपा के सिंबल पर चुनाव लड़ी थीं। उनके सामने 2023 के चुनाव में सपा और कांग्रेस दोनों ने अपने प्रत्याशी उतारे थे। कांग्रेस की ओर से प्रदीप द्विवेदी और सपा की ओर से प्रवेशिका शुक्ला चुनाव मैदान में थीं। देखिए भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी की दो तस्वीरें इसी सीट पर 13 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव में चेयरमैन पद के लिए 7 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया है। हालांकि, भाजपा और कांग्रेस ने ही अपने प्रत्याशियों को पार्टी का सिंबल दिया है। सपा ने उपचुनाव में अपना सिंबल नहीं दिया है। भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के अलावा पांच निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में हैं। हालांकि, नामांकन वापसी की तिथि के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि अंतिम रूप से कितने प्रत्याशी चुनाव मैदान में रहेंगे। भाजपा ने बिठूर विधायक सांगा के बड़े भाई और डॉ. निर्मला सिंह के बड़े बेटे समरेन्द्र सिंह राणा को बनाया प्रत्याशी भारतीय जनता पार्टी ने बिठूर नगर पंचायत चेयरमैन के उपचुनाव में समरेन्द्र सिंह राणा को प्रत्याशी बनाया है। समरेन्द्र सिंह राणा बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा के बड़े भाई और दिवंगत डॉ. निर्मला सिंह के बड़े बेटे हैं। समरेन्द्र सिंह राणा करीब 23 वर्षों तक अपनी माता डॉ. निर्मला सिंह के चुनाव संयोजक रहे। वह बिठूर की कई सामाजिक संस्थाओं से जुड़े रहे हैं और क्षेत्र में सामाजिक कार्य भी करते रहे हैं। इसके साथ ही वह चेयरमैन रहीं डॉ. निर्मला सिंह के साथ नगर पंचायत क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों को भी देखते रहे हैं। भाजपा ने अब उन्हें चेयरमैन पद के उपचुनाव में अपना प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस ने 2023 के प्रत्याशी प्रदीप द्विवेदी पर फिर जताया भरोसा कांग्रेस ने 2023 के नगर पंचायत चेयरमैन चुनाव के प्रत्याशी प्रदीप द्विवेदी को एक बार फिर मैदान में उतारा है। प्रदीप द्विवेदी करीब 30 वर्षों से कांग्रेस से जुड़े हुए हैं। वर्ष 2023 में उन्होंने डॉ. निर्मला सिंह के सामने चुनाव लड़ा था। प्रदीप द्विवेदी ने बताया कि वह युवा अवस्था से ही कांग्रेस से जुड़े हुए हैं। वह बिठूर में युवा कांग्रेस के महामंत्री के पद पर भी रह चुके हैं। उनके पिता स्वर्गीय घनश्याम द्विवेदी भी कांग्रेस से जुड़े थे। उन्होंने कहा कि वह अपने पिता की विचारधारा और भावना के साथ लगातार बिठूर के लोगों से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र की समस्याओं का समाधान कराने तथा लोगों की सेवा करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत में सबसे पहले शुद्ध पेयजल की व्यवस्था और रैन बसेरे जैसी समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता होगी। अब जानिए बिठूर नगर पंचायत के बारे में बिठूर नगर पंचायत में 10 वार्ड हैं और यहां करीब 10 हजार मतदाता हैं। वर्ष 2023 में चेयरमैन पद के चुनाव में 12 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे थे। इस उपचुनाव में फिलहाल 7 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। हालांकि, नाम वापसी की तिथि के बाद ही अंतिम रूप से प्रत्याशियों की संख्या स्पष्ट होगी। बिठूर नगर पंचायत में वर्ष 2000 से लगातार डॉ. निर्मला सिंह चेयरमैन रहीं। इससे पहले यहां सुरेंद्र पाल सिंह उर्फ काका जी चेयरमैन थे। उनके निधन के बाद तत्कालीन उपाध्यक्ष घसीटेलाल को चेयरमैन बनाया गया था। बिठूर नगर पंचायत के 10 वार्डों में ब्रह्मनगर, सूबेदार नगर, पेशवा नगर, महर्षि वाल्मीकि नगर, तात्या टोपे नगर, ध्रुव नगर, लक्ष्मीबाई नगर, मैनावती नगर और लव-कुश नगर शामिल हैं। 18 सितंबर से नामंकन शुरू हुए, 13 अक्टूबर को मतदान और 15 अक्टूबर को होगी मतगणना बिठूर नगर पंचायत चेयरमैन पद के उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 18 सितंबर से शुरू हुई थी। 24 सितंबर तक नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जिसमें कुल सात प्रत्याशियों ने नामांकन किया। 25 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा (जांच) की गई। नाम वापसी की प्रक्रिया 28 सितंबर को होगी। इसके बाद 29 सितंबर को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, 13 अक्टूबर को नगर पंचायत बिठूर के चेयरमैन पद के लिए मतदान होगा। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा। वहीं, 15 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी और इसके बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User