भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी ने 23 जून को किया विरोध प्रदर्शन का आह्वान
भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) ने भारत-अमेरिका प्रस्तावित ट्रेड डील के खिलाफ 23 जून को देशव्यापी शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। संगठन ने इसे किसानों की आजीविका, खाद्य सुरक्षा और कृषि व्यवस्था के लिए खतरा बताया है। साथ ही 25 जून को चंडीगढ़ में बड़ी बैठक की घोषणा भी की गई है।
दि राइजिंग न्यूज़ | चंडीगढ़ | 21 जून 2026
ट्रेड डील के खिलाफ BKU (चढ़ूनी) का बड़ा ऐलान
भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) ने भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील को लेकर गंभीर आपत्ति जताई है और इसे देश की कृषि व्यवस्था, खाद्य सुरक्षा तथा किसानों की आजीविका के लिए बड़ा खतरा बताया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने चंडीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि यदि यह समझौता लागू होता है तो भारतीय किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ सकता है।उन्होंने कहा कि अमेरिका से आने वाले भारी सब्सिडी वाले कृषि उत्पाद भारतीय बाजार में घरेलू उत्पादन को प्रभावित करेंगे, जिससे किसानों की आय पर सीधा असर पड़ेगा। खासकर कपास, सोयाबीन, ज्वार, संतरे के रस और अन्य उत्पादों पर आयात शुल्क में कमी या समाप्ति को लेकर चिंता जताई गई है।
23 जून को देशव्यापी शांतिपूर्ण विरोध का आह्वान
बीकेयू (चढ़ूनी) ने किसानों, मजदूरों, छात्रों और आम नागरिकों से 23 जून को देशभर में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने की अपील की है। संगठन ने कहा कि लोग काली पट्टी बांधकर, बैनर और तख्तियों के साथ बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर अपना विरोध दर्ज करा सकते हैं।चढ़ूनी ने कहा कि यह आंदोलन लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा, लेकिन यदि किसानों के हितों के खिलाफ कोई फैसला लिया गया तो आगे बड़े स्तर पर आंदोलन भी किया जाएगा।
MSP और कृषि नीति को लेकर जताई चिंता
संगठन ने आशंका जताई कि प्रस्तावित ट्रेड डील के कारण न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) व्यवस्था और सरकारी खरीद प्रणाली पर भी दबाव बन सकता है। अगर MSP कमजोर होती है तो गेहूं, धान और अन्य प्रमुख फसलों के किसानों को भारी नुकसान होगा, विशेषकर पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों में इसका असर ज्यादा दिखाई देगा।इसके अलावा, डेयरी और पोल्ट्री सेक्टर में विदेशी कंपनियों की आसान एंट्री और जेनेटिकली मॉडिफाइड (GM) उत्पादों को लेकर भी चिंता जताई गई है।
25 जून को रणनीति बैठक की घोषणा
बीकेयू (चढ़ूनी) ने यह भी घोषणा की है कि 25 जून 2026 को चंडीगढ़ के सेक्टर-35A स्थित किसान भवन में किसान, मजदूर और अन्य संगठनों की संयुक्त बैठक होगी। इस बैठक में प्रस्तावित ट्रेड डील के प्रभावों का विश्लेषण कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।