ब्लिंकिट स्टोर पर छापा, 6 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए:कुट्टू, सिंघाड़ा आटा, मूंगफली और बटर की होगी जांच; सुधार नोटिस की तैयारी
मऊ में नवरात्रि और दशहरा पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने गुरुवार शाम 5 बजे ब्लिंकिट (Blinkit) स्टोर का निरीक्षण किया। इस दौरान संदेह के आधार पर 6 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। कुट्टू-सिंघाड़े के आटे समेत 6 नमूने लिए आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय मंजूषा सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने स्टोर का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के रखरखाव और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जांच की गई। टीम ने कुट्टू के आटे के 2, सिंघाड़े के आटे के 2, मूंगफली के दाने का 1 और बटर का 1 नमूना संग्रहित किया। सभी नमूनों की गुणवत्ता की जांच प्रयोगशाला में कराई जाएगी। खाद्य और अखाद्य पदार्थ एक साथ रखे मिले खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, निरीक्षण के दौरान स्टोर में कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके अलावा खाद्य और अखाद्य पदार्थ एक साथ रखे पाए गए। उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण की व्यवस्था को भी और प्रभावी बनाने की जरूरत बताई गई। कर्मचारियों को दिए सुरक्षा संबंधी निर्देश निरीक्षण के दौरान टीम ने कर्मचारियों को हेड कवर, हैंड ग्लव्स और एप्रन का इस्तेमाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मौके पर खरीद से संबंधित रसीदें भी प्रस्तुत नहीं की गईं। इसके अलावा डिलीवरी राइडर्स के पुलिस सत्यापन प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया गया। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय मंजूषा सिंह के नेतृत्व वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार राना, अजीत कुमार त्रिपाठी और ओम प्रकाश यादव शामिल रहे। सुधार नोटिस जारी करने की संस्तुति खाद्य सुरक्षा विभाग ने निरीक्षण के दौरान मिली कमियों के संबंध में ई-कॉमर्स स्टोर को सुधार नोटिस जारी करने की संस्तुति की है। विभाग के अनुसार, नमूनों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद उसके निष्कर्षों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षित उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)