बलिया में जागरूकता कार्यक्रम:छात्राओं को कानूनी अधिकार बताए, हेल्प लाइन नंबरों की भी दी जानकारी
दुबहड़ (बलिया)। उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत मंगलवार को थाना दुबहड़ पुलिस ने राम सिंहासन किसान इंटर कॉलेज, दुबहड़ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। थानाध्यक्ष बृजेश सिंह एवं मिशन शक्ति केंद्र (एमएसके) की टीम ने छात्राओं को महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। पुलिस टीम ने बताया कि महिला सशक्तीकरण का उद्देश्य बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में नारी शक्ति, महिला सम्मान और सामाजिक सुरक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को उत्पीड़न, छेड़छाड़ या असुरक्षा की स्थिति में पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 1090, महिला एवं बाल सुरक्षा हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी गई। यह जागरूकता अभियान महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)