बलरामपुर में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, धरने पर बैठे:ज्ञापन लेने के बजाय डीएम के चले जाने का आरोप, माफी मांगने की मांग
बलरामपुर में अधिवक्ताओं का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को संयुक्त बार एसोसिएशन के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने सदर तहसील से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला और डीएम के खिलाफ नारेबाजी की। दोपहर करीब 12:30 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन कलेक्ट्रेट पहुंचने पर धरने में बदल गया। अधिवक्ता डीएम के चैंबर में जमीन पर बैठ गए और सभा कर अपनी नाराजगी जाहिर की। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद दोपहर 1:30 बजे अधिवक्ता वापस लौट गए। सदर तहसील से कलेक्ट्रेट तक निकाला पैदल मार्च शनिवार को जिला बार संघ अध्यक्ष मुर्तजा हुसैन, महामंत्री संजय तिवारी, दि कलेक्ट्रेट बार अध्यक्ष कमलेश्वर सिंह, महामंत्री राजेश मिश्रा, जिला युवा बार अध्यक्ष बृजेंद्र उपाध्याय और महामंत्री श्याम जी मिश्रा समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता सदर तहसील परिसर में एकत्र हुए। यहां से नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और धरने पर बैठ गए। डीएम पर ज्ञापन नहीं लेने का आरोप जिला बार संघ अध्यक्ष मुर्तजा हुसैन ने बताया कि अधिवक्ता ऑनलाइन संबंधी मामले को लेकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन गुरुवार को डीएम को देने पहुंचे थे। आरोप है कि डीएम ज्ञापन लेने के बजाय अधिवक्ताओं को देखकर वहां से चले गए। मुर्तजा हुसैन ने इस रवैये को निंदनीय बताते हुए कहा कि अधिवक्ता इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। माफी मांगने तक न्यायालय बहिष्कार का ऐलान जिला बार संघ अध्यक्ष मुर्तजा हुसैन ने कहा कि जब तक मामले का निस्तारण नहीं हो जाता, अधिवक्ता डीएम के न्यायालय का बहिष्कार करेंगे। वहीं, दि कलेक्ट्रेट बार अध्यक्ष कमलेश्वर सिंह ने कहा कि अधिवक्ताओं के हितों की लड़ाई लड़ने के लिए वे हमेशा तैयार हैं। उन्होंने मांग की कि डीएम अधिवक्ताओं के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। अधिवक्ताओं ने कहा कि उनके सम्मान और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने अपनी मांगों के समाधान पर जोर दिया। प्रदर्शन में पूर्व अध्यक्ष अजय बहादुर सिंह, रमेश चंद्र त्रिपाठी, अधिवक्ता मोहम्मद असलम खान, विवेक सिंह, शांति भूषण शुक्ला, अरविंद सिंह, आशीष सिंह समेत तमाम अधिवक्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)