बलरामपुर में प्रभारी मंत्री ने रवाना की सेवा ज्योति यात्रा:विकसित भारत 2047 का लिया संकल्प, पीएम का वर्चुअल संबोधन
बलरामपुर में स्पोर्ट्स स्टेडियम बुधवार को देशभक्ति के रंग और विकसित भारत के संकल्प से सराबोर नजर आया। जिला स्तरीय‘सेवा ज्योति यात्रा’एवं‘विकसित भारत संकल्प सभा’ में जनप्रतिनिधियों,अधिकारियों,विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता कर वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिले के प्रभारी मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा ने सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित कर मशाल यात्रा को रवाना किया। कार्यक्रम का समापन दोपहर 12:15 पर हुआ। कार्यक्रम का आगाज देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुआ। अतिथियों के मंच पर पहुंचने के बाद वंदे मातरम् के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई। इसके पश्चात राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन का प्रसारण किया गया।संबोधन के बाद उपस्थित लोगों ने‘विकसित भारत 2047’के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की शपथ ली। संकल्प के बाद कार्यक्रम स्थल पर सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की गई। प्रभारी मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा ने कलश पर रखे दीप को प्रज्ज्वलित करने के साथ मशाल जलाई। इसके बाद मशालधारी युवाओं और प्रतिभागियों की अगुवाई में सेवा ज्योति यात्रा रथ को रवाना किया गया। यात्रा के आगे चलती मशाल ने पूरे वातावरण को उत्साह और उमंग से भर दिया। आकर्षक प्रदर्शनियां लगाई गईं स्टेडियम परिसर में विभिन्न विभागों की ओर से आकर्षक प्रदर्शनियां लगाई गईं। खेल,चिकित्सा समेत विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर जनकल्याणकारी योजनाओं,विभागीय उपलब्धियों और सरकारी कार्यक्रमों की जानकारी प्रदर्शित की गई। प्रभारी मंत्री ने स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की जानकारी ली। कार्यक्रम में सदर विधायक पल्टूराम,तुलसीपुर विधायक कैलाशनाथ शुक्ला,उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा और गैसड़ी विधायक शैलेश सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधि,अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को प्रभारी मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा और विशिष्ट अतिथि भाजपा प्रदेश मंत्री रजनी पांडे ने पुरस्कृत कर प्रमाण-पत्र प्रदान किए। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन स्टेडियम परिसर में बनाई गई आकर्षक रंगोली ने भी लोगों का ध्यान खींचा। रंगोली में जिला बलरामपुर का लोगो उकेरकर उसे विकसित भारत संकल्प यात्रा से जोड़ा गया। रंगों के जरिए विकास और राष्ट्र निर्माण का संदेश देने वाली यह प्रस्तुति आयोजन का विशेष आकर्षण रही। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इसके बाद सेवा ज्योति यात्रा अपने निर्धारित मार्ग के लिए रवाना हो गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)