बलरामपुर में सफाई मित्रों के लिए सुरक्षा शिविर लगा:स्वास्थ्य जांच हुई और सुरक्षा किट बांटी गईं, अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी दी
बलरामपुर। स्वच्छ ही सेवा मिशन 2026 के तहत आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर की ओर से सफाई मित्रों की स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण को समर्पित सफाई मित्र सुरक्षा शिविर आयोजित किया गया। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ के निर्देशन में बुधवार सुबह 11 बजे से 2:30 बजे आयोजित शिविर में सफाई मित्रों की स्वास्थ्य जांच कराई गई और कार्य के दौरान सुरक्षा के लिए आवश्यक किट वितरित की गईं। शिविर में सफाई मित्रों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं एवं जांच की व्यवस्था की गई। अधिकारियों ने उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने तथा सफाई कार्य के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए जागरूक किया। संक्रमण और कार्यस्थल से जुड़े अन्य स्वास्थ्य जोखिमों से बचाव के लिए सुरक्षा उपकरणों के नियमित इस्तेमाल पर भी विशेष जोर दिया गया। इस दौरान सफाई मित्रों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जरूरी प्रक्रियाओं और दस्तावेजों के संबंध में भी जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराया गया। नगर पालिका अधिकारियों ने कहा कि सफाई मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। शहर को स्वच्छ और सुरक्षित रखने में उनकी भूमिका अहम है, इसलिए उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान का ध्यान रखना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ ही सेवा अभियान के माध्यम से स्वच्छता के साथ सफाई कर्मियों के कल्याण और सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जा रही है। कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र मौर्य, अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह बैस, सफाई निरीक्षक दिवाकर पांडेय, अरविंद सिंह सहित सफाई नायक एवं नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)