बंदरों के मुखौटे लगाकर कमिश्नरी पर प्रदर्शन:मेरठ में बंदरों के झुंड से लोग परेशान, जल्द पकड़ने की मांग

Oct 07, 2026 - 14:50
0
बंदरों के मुखौटे लगाकर कमिश्नरी पर प्रदर्शन:मेरठ में बंदरों के झुंड से लोग परेशान, जल्द पकड़ने की मांग
मेरठ शहर में बंदरों के बढ़ते आतंक के विरोध में बुधवार को वार्ड-60 के लोगों ने अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी बंदरों के मुखौटे लगाकर कमिश्नरी पहुंचे और बंदरों को पकड़ने की मांग की। लोगों का कहना है कि पिछले करीब दो महीने से क्षेत्र में अचानक 200 से 300 बंदरों के झुंड घूम रहे हैं। दिन हो या रात, ये बंदर सड़कों और घरों के आसपास बैठे रहते हैं। लोगों के घरों की पानी की टंकियां तोड़ देते हैं। सूखने के लिए डाले गए कपड़े फाड़ देते हैं। अन्य सामानों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। भाजपा पार्षद रेखा सिंह और पूर्व पार्षद नीरज के नेतृत्व में वार्ड-60 के पीड़ित क्षेत्रवासियों ने डीएम को ज्ञापन दिया। लोगों ने बताया कि क्षेत्र में कई स्कूल हैं और स्कूलों के बाहर भी बड़ी संख्या में बंदर जमा रहते हैं। ऐसे में स्कूल आने-जाने वाले छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में डर बना हुआ है। लोगों का आरोप है कि बंदरों के हमले में कई लोग घायल हो चुके हैं। पिछले दिनों एक पार्षद और पार्षद के बेटे को बंदरों के काटने की खबर भी सामने आई थी। क्षेत्र के एक बुजुर्ग के घायल होने की बात भी लोगों ने बताई। पूर्व पार्षद नीरज ने कहा कि नगर निगम और वन विभाग के अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं। कई बार नगर स्वास्थ्य अधिकारी और वन विभाग को फोन कर शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि किसी बड़ी घटना के बाद प्रशासन जागे, इससे पहले बंदरों को पकड़ने की कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के मॉडर्न स्कूल, फॉरवेली स्कूल, जैमिनी-जैमिनी पब्लिक स्कूल और डेफोडिल स्कूल के आसपास बड़ी संख्या में बंदर जमा रहते हैं। कई जगह 100 से 200 बंदरों के झुंड देखे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बंदरों के डर से बच्चों और बुजुर्गों का निकलना मुश्किल हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बंदरों के मुखौटे लगाकर प्रदर्शन इसलिए किया गया, ताकि अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर खींचा जा सके। उन्होंने मांग की कि डीएम, नगर निगम और वन विभाग के अधिकारियों को साथ बैठाकर जिम्मेदारी तय करें और जल्द बंदरों को पकड़ने की कार्रवाई कराएं। प्रदर्शन में प्रशांत चौहान, मुकेश पुरी, अमरीश मागी, गौरव शर्मा, लवनीश घई समेत क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User