बरौली चेयरमैन पर गंभी आरोप, SSP से शिकायत:अलीगढ़ में नगर पंचायत लिपिक ने पिस्टल तानने और गला दबाने का आरोप लगाया, पत्नी से भी धक्का-मुक्की का दावा
अलीगढ़। बरौली नगर पंचायत के भाजपा चेयरमैन मनोज कुमार सिंह पर नगर पंचायत के लिपिक कपिल पाठक ने पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी देने, गला दबाने और जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। लिपिक का दावा है कि बीच-बचाव करने आई पत्नी के साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्रता की गई। वहीं, चेयरमैन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए विवाद की वजह नगर पंचायत के कामकाज में लापरवाही बताई है। उनका कहना है कि सफाई कर्मचारियों को पिछले आठ महीने से पीएफ नहीं मिलने के कारण पहले से नाराजगी थी। शासन को भेजे जाने वाले बजट संबंधी प्रस्ताव में देरी होने और लिपिक के समय से कार्यालय न आने पर वह आवेश में उसके घर पहुंचे थे। बुधवार को लिपिक ने एसएसपी को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मडराक थाना क्षेत्र की समृद्धि टाउनशिप निवासी कपिल पाठक नगर पंचायत बरौली में लिपिक के पद पर तैनात हैं। शिकायत के मुताबिक, 12 अक्टूबर की रात करीब 11:05 बजे नगर पंचायत के ड्राइवर दुष्यंत राघव और कंप्यूटर सहायक राजू शर्मा उनके घर पहुंचे और चेयरमैन मनोज कुमार सिंह के बुलाने की बात कही। कपिल का आरोप है कि घर से बाहर निकलते ही चेयरमैन ने उन पर पिस्टल तान दी और गाड़ी में बैठाने की कोशिश की।
कनपटी पर पिस्टल लगाकर गला दबाने का आरोप
कपिल ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उन्हें गाड़ी में बैठाने के दौरान गर्दन में बांह डालकर गला दबाया गया और कनपटी पर पिस्टल लगा दी गई। इस दौरान जान से मारने की धमकी देने और गाली-गलौज करने का भी दावा किया गया है। लिपिक के मुताबिक, शोर सुनकर उनकी पत्नी शिवानी बाहर आईं और उन्हें बचाने की कोशिश की। आरोप है कि इस पर चेयरमैन ने पत्नी के साथ धक्का-मुक्की और अभद्रता की, जिससे उनके कपड़े भी फट गए।
कपिल का कहना है कि उन्होंने पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 पर कॉल करने के लिए मोबाइल निकाला तो चेयरमैन ने उनकी छाती पर पिस्टल रखकर फोन छीन लिया और तोड़ दिया। शोर सुनकर आसपास के लोगों के एकत्र होने पर चेयरमैन और उनके साथ आए लोग वहां से चले गए। लिपिक ने कार्यालय में गोली मारकर खत्म करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए एफआईआर दर्ज कराने और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।
चेयरमैन बोले- 8 महीने से पीएफ नहीं मिलने पर सफाई कर्मचारी नाराज
भाजपा चेयरमैन मनोज कुमार सिंह ने कहा कि नगर पंचायत में टेंडर प्रक्रिया के तहत काम करने वाले सफाई कर्मचारियों को पिछले आठ महीने से पीएफ नहीं मिला है। इसको लेकर कर्मचारी नाराज हैं और उनका विरोध उन्हें झेलना पड़ रहा है। इस संबंध में बजट से जुड़ी प्रक्रिया पूरी कर प्रस्ताव शासन को भेजा जाना था, लेकिन संबंधित लिपिक इसमें देरी कर रहा था।
मनोज कुमार सिंह के मुताबिक, नगर पंचायत में एक ही लिपिक तैनात है। वह समय से कार्यालय नहीं पहुंच रहा था और जरूरी काम भी पूरा नहीं कर रहा था। इस संबंध में उसे बार-बार फोन कर काम पूरा करने के लिए कहा जा रहा था। घटना वाले दिन भी इसी विषय में बात करने के लिए फोन किया गया। कई बार फोन करने के बाद लिपिक ने एक बार कॉल उठाई, लेकिन फिर काट दी। इससे वह आवेश में आ गए और लिपिक के घर पहुंचकर इसी मुद्दे पर कहासुनी की।
चेयरमैन ने कहा कि उन्होंने लिपिक से यह भी कहा था कि यदि वह नगर पंचायत में काम नहीं करना चाहता है तो अपना तबादला करा ले। मोबाइल छीनने के आरोप पर उन्होंने बताया कि फोन नहीं उठाने पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने लिपिक का मोबाइल लिया था और उसे उसके पड़ोसी को दे दिया था। उनका दावा है कि मोबाइल अपने साथ लेकर नहीं आए थे।
चेयरमैन ने बताया साजिश, सभी गंभीर आरोपों से इनकार
मनोज कुमार सिंह ने पिस्टल तानने, गला दबाने, जबरन गाड़ी में बैठाने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि काम में देरी और लापरवाही से जुड़े मुद्दे से ध्यान हटाने के लिए कुछ विरोधियों के साथ मिलकर उनके खिलाफ कहानी बनाई जा रही है। उनके मुताबिक, पूरा विवाद नगर पंचायत के कामकाज और लिपिक की लापरवाही को लेकर हुआ था।
एसएसपी ने जांच के आधार पर कार्रवाई के दिए निर्देश
बुधवार को कपिल पाठक ने एसएसपी को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने शिकायत पर जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल, दोनों पक्षों के दावों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)