बरेली में बच्चों के सामने मां की हत्या:पत्नी पर शक करता था पति, शराब के नशे में सिल-बट्टे से कुचला, चाकुओं से गोदा

Oct 09, 2026 - 06:22
0
बरेली में बच्चों के सामने मां की हत्या:पत्नी पर शक करता था पति, शराब के नशे में सिल-बट्टे से कुचला, चाकुओं से गोदा
बरेली के जोगी नवादा में गुरुवार को पति ने अपने दो बच्चों के सामने पत्नी की हत्या कर दी। पहले उसने पत्नी के सिर पर सिल-बट्टे से वार किया। जान बचाने के लिए पत्नी कमरे की ओर भागी तो आरोपी ने पीछा कर चाकुओं से हमला कर दिया। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया। मामला बारादरी थाना क्षेत्र का है। यहां 35 साल की सरोज की उसके पति सतीश ने हत्या कर दी। वारदात सुबह करीब 11:30 बजे हुई। उस वक्त घर में सरोज का 12 साल का बेटा और ढाई साल की बेटी लल्ली मौजूद थे। परिजनों के मुताबिक, सतीश ने पहले सरोज के सिर पर सिल-बट्टे से वार किए। वह खून से लथपथ होकर कमरे की तरफ भागी। सतीश भी पीछे पहुंच गया और चाकुओं से हमला कर उसकी जान ले ली। हत्या के बाद मचा हड़कंप बच्चों के सामने हुई हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर बारादरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने घटनास्थल की जांच की और साक्ष्य जुटाए। ASP शिवम आशुतोष ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी मौके से भाग गया था। पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले और आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। शराब पीकर पत्नी से मारपीट करता था सरोज का मायका बदायूं के मूसाझाग थाना क्षेत्र के गुलड़िया गांव में है। परिजनों के मुताबिक, सरोज की शादी सतीश से वर्ष 2004 में हुई थी। आरोप है कि सतीश शराब पीने का आदी था। वह पत्नी पर शक करता था और नशे में अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। कुछ दिन पहले मारपीट से परेशान होकर सरोज मायके चली गई थी। बड़ी बहन सुशीला के मुताबिक, दो दिन पहले सतीश मायके पहुंचा। उसने परिवार के सामने वादा किया कि अब सरोज के साथ मारपीट नहीं करेगा और उसका ध्यान रखेगा। इसी भरोसे पर परिवार ने सरोज को उसके साथ वापस भेज दिया। बहन बोली- शक होता तो वापस नहीं भेजते सुशीला ने कहा- हम लोगों को क्या पता था कि सतीश मेरी बहन को मार डालेगा। अगर हमें जरा भी संदेह होता तो हम उसे कभी नहीं भेजते। दीदी अब इस दुनिया में नहीं रही। जीजा जेल में है। बच्चों के सिर से बचपन में ही मां का साया उठ गया। अब इन बच्चों की देखरेख कौन करेगा। परिजनों के मुताबिक, सतीश हलवाई की दुकान पर काम करता था। वह रोज शराब पीकर घर आता था। परिवार की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है। बड़ा बेटा राजेश (17) प्राइवेट जॉब करता है। वारदात के समय वह घर पर नहीं था। हत्या का मुकदमा दर्ज ASP शिवम आशुतोष ने बताया कि जोगी नवादा में महिला की हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पति सतीश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User