बरेली में दिल्ली रोड पर बनेगी आधुनिक इंडस्ट्रियल टाउनशिप:126 हेक्टेयर जमीन पर उद्योगों का नया हब, युवाओं को रोजगार और निवेश के बड़े अवसर
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार हर जिले में न्यूनतम 50 एकड़ में 'सरदार वल्लभ भाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन' तैयार करने की योजना पर बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने तेजी से काम शुरू कर दिया है। दिल्ली रोड पर एक भव्य, सुव्यवस्थित और आधुनिक औद्योगिक टाउनशिप बसाई जा रही है, जो जिले में बड़े पैमाने पर निवेश और रोजगार के नए रास्ते खोलेगी। चार गांवों की 126 हेक्टेयर जमीन चिन्हित
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए तहसील बरेली के ग्राम रसूला चौधरी और तहसील मीरगंज के ग्राम भिटौरा नौंगवा (फतेहगंज पश्चिमी), चिटौली तथा रहपुरा जागीर में कुल 126.3043 हेक्टेयर जमीन तय की गई है। इसमें से करीब 28 हेक्टेयर ग्राम समाज व शासकीय भूमि पुनर्ग्रहण के जरिए ली जा रही है, जबकि शेष 98 हेक्टेयर निजी भूमि किसानों और भू-स्वामियों से आपसी सहमति के आधार पर खरीदी जा रही है। अब तक 49 करोड़ का मुआवजा वितरित
प्राधिकरण ने जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी है। बीडीए अब तक लगभग 41 करोड़ रुपए खर्च कर 21 हेक्टेयर जमीन की रजिस्ट्री करा चुका है। इसी कड़ी में 4 हेक्टेयर अतिरिक्त जमीन का बैनामा कराते हुए भू-स्वामियों को करीब 8 करोड़ रुपए का मुआवजा जारी किया गया। अंडरग्राउंड बिजली से लेकर ई-चार्जिंग तक विश्वस्तरीय सुविधाएं
इस टाउनशिप को पूरी तरह प्लग-एंड-प्ले मॉडल पर तैयार किया जाएगा ताकि उद्योगों को काम शुरू करने में कोई दिक्कत न आए। परिसर में चौड़ी सड़कें, अंडरग्राउंड पावर केबलिंग, चौबीसों घंटे जलापूर्ति, आधुनिक सीवरेज-ड्रेनेज, गैस पाइपलाइन, फायर स्टेशन, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, ई-चार्जिंग स्टेशन और बड़े कॉमन पार्किंग एरिया जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' पर पूरा फोकस
बीडीए वीसी सौम्या पांडे ने बताया कि बीडीए इस पूरे प्रोजेक्ट को पारदर्शिता, सुशासन और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की तर्ज पर आगे बढ़ा रहा है। आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर मिलने से स्थानीय और बाहरी निवेशक आकर्षित होंगे। नई फैक्ट्रियां लगने से क्षेत्रीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के हजारों मौके बनेंगे, जिससे बरेली पश्चिमी यूपी के बड़े औद्योगिक हब के रूप में उभरेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)