बरेली में दुकान से 260 किलो अवैध पटाखे बरामद:5 लाख का माल जब्त, लाइसेंस खत्म होने के बाद भी कर रहा था बिक्री की तैयारी
दिवाली से पहले बरेली में अवैध पटाखों के कारोबार पर पुलिस ने कार्रवाई की है। फरीदपुर में बीसलपुर रोड स्थित एक दुकान पर छापा मारकर पुलिस ने 260 किलो पटाखे बरामद किए। इनकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, दुकानदार के पास पटाखे बेचने का लाइसेंस था, लेकिन उसकी समयसीमा खत्म हो चुकी थी। इसके बावजूद उसने दुकान में पटाखों का स्टॉक जमा कर रखा था। मुखबिर की सूचना पर दुकान में छापा एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बीसलपुर रोड स्थित दुकान में अवैध पटाखे रखे होने की सूचना मिली थी। सीओ फरीदपुर संदीप सिंह के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक अमित पांडेय के नेतृत्व में टीम ने दुकान की तलाशी ली। इस दौरान बोरियों और पेटियों में रखे 260 किलो पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने पूरा स्टॉक जब्त कर लिया। लाइसेंस खत्म होने के बाद भी जमा किया स्टॉक गिरफ्तार आरोपी की पहचान फरीदपुर के मोहल्ला परा निवासी गंगाराम गुप्ता (52) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने बताया कि पिछले साल उसके पास फुटकर पटाखे बेचने का लाइसेंस था, जिसकी अवधि समाप्त हो चुकी थी। इसके बाद भी उसने लाइसेंस का नवीनीकरण कराए बिना पटाखे जमा किए थे। विस्फोटक अधिनियम में केस दर्ज पुलिस ने गंगाराम गुप्ता के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9(ब) के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि बिना वैध लाइसेंस के विस्फोटक सामग्री का भंडारण करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)