बृजभूषण बोले- दिल्ली में बढ़ रहा पूर्वांचल का प्रभाव:पूर्व भाजपा सांसद ने छात्रों को संयम और समझदारी से काम करने की दी सलाह
गोंडा में तरबगंज तहसील क्षेत्र के बेलसर स्थित एक निजी मैरिज हॉल में रविवार शाम 4 बजे दिल्ली विश्वविद्यालय के शिवाजी कॉलेज छात्र संघ चुनाव में उपाध्यक्ष चुने गए अनंत सिंह के स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह और गोंडा-बलरामपुर से भाजपा विधान परिषद सदस्य अवधेश कुमार उर्फ मंजू सिंह शामिल हुए। इस दौरान बृजभूषण शरण सिंह ने अपने संघर्ष की कहानी साझा करते हुए कहा कि दिल्ली में अब पूर्वांचल का प्रभाव बढ़ रहा है। उन्होंने छात्रों को संयम और समझदारी से काम करने की सलाह दी। मीडिया से बातचीत में उन्होंने अनंत सिंह के चुनाव को उत्तर प्रदेश और बिहार के युवाओं के लिए उपलब्धि बताया।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बृजभूषण शरण सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी का एक बार तीर निशाने पर लग गया, वह भी बच्चों की आड़ में। अब इन लोगों ने वही फार्मूला अपना लिया है। इनका कोई आधार नहीं है, कोई पार्टी नहीं है, कोई संगठन नहीं है और कोई इतिहास नहीं है। ये लोग हमेशा नकारात्मक राजनीति करते हैं। सकारात्मक राजनीति के बारे में इन्हें पता ही नहीं है। उन्होंने कहा कि इनके कहने से अगर इस्तीफे होते रहेंगे तो देश में कोई पद बचेगा ही नहीं, सब इस्तीफा हो जाएगा।
वहीं भाजपा एमएलसी अवधेश कुमार उर्फ मंजू सिंह ने कहा कि अनंत सिंह ने जिस तरह गोंडा का नाम रोशन किया है, उसी तरह विदेशों में भी गोंडा के लोग नाम रोशन कर रहे हैं। आज पूर्वांचल के बच्चे दिल्ली में रहकर अच्छे-अच्छे मुकाम हासिल कर रहे हैं। यह उनकी मेहनत का परिणाम है। इससे आज हम लोगों का सीना गर्व से चौड़ा हो रहा है। दरअसल, 18 सितंबर को दिल्ली विश्वविद्यालय के शिवाजी कॉलेज में छात्र संघ चुनाव हुआ था। इसमें गोंडा के बेलसर निवासी अनंत सिंह ने उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की थी। इसी उपलब्धि को लेकर रविवार को उनके सम्मान में स्वागत समारोह आयोजित किया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)