बर्क बोले- संभल से कौन लड़ेगा, यह जनता तय करेगी:ओवैसी को दी नसीहत, BJP को हराने के लिए चुनाव लड़ें

Oct 19, 2026 - 19:38
0
बर्क बोले- संभल से कौन लड़ेगा, यह जनता तय करेगी:ओवैसी को दी नसीहत, BJP को हराने के लिए चुनाव लड़ें
संभल से सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने उत्तर प्रदेश में आगामी एमएलसी चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि 11 सीटों में से 8 से 9 सीटों पर समाजवादी पार्टी जीत दर्ज करेगी, बशर्ते चुनाव निष्पक्ष हों। सांसद ने यह बयान सोमवार शाम करीब 5 बजे रामपुर में असदुद्दीन ओवैसी की रैली के बाद संभल स्थित अपने आवास बर्क मंजिल पर दिया। असदुद्दीन ओवैसी की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संभल और अखिलेश यादव को गोरखपुर से चुनाव लड़ने की चुनौती दिए जाने पर बर्क ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि संभल से कौन चुनाव लड़ेगा और किसे वोट मिलेगा, इसका फैसला वहां की जनता करेगी। ओवैसी को नसीहत देते हुए बर्क ने कहा कि अगर उन्हें चुनाव लड़ना है तो भाजपा को हराने के लिए लड़ें। उन्होंने मुस्लिम विधायकों के खिलाफ उन सीटों पर उम्मीदवार उतारने पर सवाल उठाया, जहां मुस्लिम प्रत्याशी पहले से जीतते आए हैं। बर्क ने आरोप लगाया कि इससे वोटों का बंटवारा होगा और भाजपा को सीधा फायदा पहुंचेगा। संविधान दिवस पर सरकार से मांगा रिपोर्ट कार्ड सपा की ओर से संविधान दिवस पर घोषणापत्र जारी करने को लेकर उठे सवालों पर बर्क ने कहा कि रिपोर्ट कार्ड पेश करने की जिम्मेदारी सरकार की है। भाजपा को बताना चाहिए कि उसने जनता से किए गए कितने वादे पूरे किए और कितने लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिला। उन्होंने दावा किया कि अगर आज चुनाव हो जाएं तो उत्तर प्रदेश में भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा। बागी विधायकों पर निजी फायदे का आरोप भाजपा का समर्थन करने वाले बागी विधायकों पर निशाना साधते हुए बर्क ने कहा कि ये विधायक 2024 में ही बागी हो गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि निजी फायदे, मंत्री पद और सुरक्षा के लिए इन विधायकों ने भाजपा का समर्थन किया। बर्क के मुताबिक, आगामी चुनाव में इन विधायकों को जनता के सवालों का सामना करना पड़ेगा और उनके लिए दोबारा जीत हासिल करना मुश्किल होगा। गठबंधन की सीटों पर जल्द फैसला होने का दावा बर्क ने कहा कि समाजवादी पार्टी जल्द से जल्द सीटों का फैसला चाहती है। अखिलेश यादव के नेतृत्व में गठबंधन के प्रत्याशियों को लेकर जल्द तस्वीर साफ हो जाएगी। उन्होंने एक बार फिर सपा की जीत का दावा किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User