बस का इंतजार कर रहे छात्र पर बंदरों का हमला:कानपुर में पैर में कई जगह काटा, परिजन सहमे; लोगों ने विभाग से कार्रवाई मांगी

Oct 14, 2026 - 21:55
0
बस का इंतजार कर रहे छात्र पर बंदरों का हमला:कानपुर में पैर में कई जगह काटा, परिजन सहमे; लोगों ने विभाग से कार्रवाई मांगी
कानपुर। रेलबाजार थानाक्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस लाइन के पास बंदरों के झुंड ने स्कूल जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे आठ वर्षीय छात्र पर हमला कर दिया। बंदरों ने बच्चे के पैर में कई जगह काट लिया। छात्र की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। परिजन आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। उसका इलाज कराया गया। घटना के बाद से परिवार के लोग सहमे हुए हैं। बुधवार रात 9 बजे जानकारी दी। जीआरपी में तैनात सिपाही अमित रेलबाजार स्थित ट्रैफिक पुलिस लाइन में परिवार के साथ रहते हैं। उनका 8 वर्षीय बेटा शौर्य कृष्णापुरम स्थित एक स्कूल में कक्षा दो का छात्र है। शौर्य रोजाना की तरह स्कूल जाने के लिए सुबह घर से निकला था। वह ट्रैफिक पुलिस लाइन के बाहर पहुंचकर बस का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान वहां बंदरों का झुंड पहुंच गया। इससे पहले कि बच्चा कुछ समझ पाता, बंदरों ने उस पर हमला कर दिया। हमले में बंदरों ने शौर्य के पैर में कई जगह काट लिया। अचानक हुए हमले से घबराए बच्चे ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बच्चे को बचाया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद घायल शौर्य को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बंदरों के हमले से बच्चों और राहगीरों को खतरा बना रहता है। लोगों ने क्षेत्र में बंदरों के आतंक से निजात दिलाने के लिए संबंधित विभाग से कार्रवाई की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User