BSNL पेंशनर्स का मेडिकल भत्ता बंद करने का विरोध:1000 मासिक भत्ता मिलता था, बोले- बढ़ाने की बजाय कंपनी सुविधा खत्म कर रही
फिरोजाबाद में बीएसएनएल और एमटीएनएल के पेंशनर्स ने बिना वाउचर मिलने वाला मासिक मेडिकल भत्ता बंद किए जाने के विरोध में गुरुवार सुबह 11 बजे बीएसएनएल कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। पेंशनर्स का कहना है कि उन्हें चिकित्सा संबंधी जरूरतों के लिए अब तक एक हजार रुपये प्रतिमाह यानी 12 हजार रुपये सालाना की राशि दी जाती थी। अब बीएसएनएल कॉरपोरेट कार्यालय की ओर से 28 सितंबर को जारी पत्र में इस सुविधा को एक अक्टूबर 2026 से बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। पेंशनर्स ने कहा कि 12 हजार रुपये सालाना की राशि भी मौजूदा महंगाई और दवाओं के खर्च के सामने बेहद कम है। इसे बढ़ाने के बजाय बंद किया जाना उनके लिए परेशानी बढ़ाने वाला निर्णय है। सेवानिवृत्ति के बाद बड़ी संख्या में पेंशनर्स दूरदराज के गांवों में रहते हैं, जहां बीएसएनएल के पैनल वाले अस्पताल उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में यह राशि नियमित दवाओं की खरीद में कुछ राहत देती थी। पेंशनर्स संगठनों ने कहा कि कई सर्किलों में वाउचर के आधार पर होने वाले मेडिकल बिलों का भुगतान भी 12 से 24 महीने तक लंबित रहता है। वहीं, लंबे समय से पेंशन पुनरीक्षण नहीं होने के कारण पेंशनर्स पहले से आर्थिक दबाव में हैं। संयुक्त समिति ने बीएसएनएल के सीएमडी को पत्र भेजकर 28 सितंबर के आदेश को तत्काल वापस लेने की मांग की है। संगठनों ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर एक अक्टूबर को सभी स्तरों पर विरोध प्रदर्शन और सात अक्टूबर को ब्लैक बैज प्रदर्शन किया जाएगा। समिति ने बताया कि यह विरोध देशभर के करीब 4.5 लाख बीएसएनएल/एमटीएनएल पेंशनर्स की ओर से किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)