बुलंदशहर DM ने वायु गुणवत्ता सुधार कार्यों का जायजा लिया:गुणवत्ता बनाए रखने के दिए सख्त निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

Oct 06, 2026 - 16:51
0
बुलंदशहर DM ने वायु गुणवत्ता सुधार कार्यों का जायजा लिया:गुणवत्ता बनाए रखने के दिए सख्त निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
जनपद में वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण और शहरी सुंदरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों का मंगलवार शाम 4 बजे जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने औचक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने काला आम चौराहे से जिला अस्पताल मार्ग तक सड़क किनारे की क्षतिग्रस्त कच्ची साइड पटरी पर लगाए जा रहे 'ग्रास पेवर ब्लॉक' निर्माण कार्य का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को बेहद बारीकी से परखा। उन्होंने कार्यदाई संस्था मैसर्स अभिषेक एसोसिएट्स को निर्देशित किया कि सभी कार्य तय मानकों के अनुसार ही पूरे होने चाहिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि फुटपाथ का निर्माण इस प्रकार किया जाए कि मानसून के दौरान या बारिश के बाद धंसने की समस्या पैदा न हो। इसके अलावा, सड़क पर जलभराव रोकने के लिए फुटपाथ का ढलान नाले की तरफ रखने के निर्देश दिए, ताकि बारिश का पानी आसानी से बह सके। ​निर्माण सामग्री में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो, इसके लिए उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) को निर्देश दिए कि प्रयोग में लाई जा रही सीमेंट ब्रिक्स की प्रयोगशाला (लैब) में जांच कराई जाए। साथ ही, अधिशासी अधिकारी (EO) नगर पालिका डॉ. अश्विनी कुमार को रोजाना प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के आदेश दिए। ​सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त बनाने पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि फुटपाथ पर आमजन के टहलने में कोई बाधा न आए। इसके लिए किनारे लगे अनावश्यक होर्डिंग्स और बोर्ड तुरंत हटाए जाएं। उन्होंने आम नागरिकों की सुविधा के लिए फुटपाथ पर जगह-जगह कुर्सियां लगाने और नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के भी निर्देश दिए। ​इस स्थलीय निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) नीतीश कुमार सिंह और ईओ नगर पालिका डॉ. अश्विनी कुमार सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User