बुलंदशहर के अहार क्षेत्र में दिखी तेंदुए की जोड़ी:कार सवार ने बनाया वीडियो, वन विभाग ने लगाया पिंजरा
बुलंदशहर के अहार क्षेत्र में तेंदुओं की लगातार बढ़ती गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पिछले दो माह से क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में तेंदुए दिखाई देने की घटनाएं सामने आ रही हैं। चांसी गांव के बाद अब भगवंतपुर में तेंदुओं का जोड़ा दिखाई दिया है। शुक्रवार रात आम के बाग के पास दो तेंदुए दिखाई देने के बाद ग्रामीणों में दहशत और बढ़ गई है। वन विभाग ने गांव में पिंजरा लगाकर निगरानी शुरू कर दी है। शुक्रवार रात करीब 9 बजे भगवंतपुर निवासी कुनाल अपनी गाड़ी से फार्म पर जा रहा था। इसी दौरान पिलखनी और भगवंतपुर के बीच स्थित आम के बाग के पास अचानक दो तेंदुए उसकी गाड़ी के सामने आ गए। कुनाल ने गाड़ी की लाइट में दोनों तेंदुओं का वीडियो बना लिया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के बाद से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। दो बकरियों का कर चुके हैं शिकार ग्रामीण पवन और जगदीप सिंह के अनुसार, तेंदुए अब तक दो बकरियों का शिकार कर चुके हैं। पिछले पखवाड़े से गांव के आसपास कई स्थानों पर तेंदुए दिखाई देने की चर्चाएं हैं। ऐसे में ग्रामीणों को खेतों और बागों में जाते समय हमले का डर सता रहा है। हालांकि, अभी तक किसी व्यक्ति पर तेंदुए के हमले की जानकारी सामने नहीं आई है। पांच-छह वर्षों से सामने आ रहीं घटनाएं अहार क्षेत्र में पिछले पांच-छह वर्षों से तेंदुओं की गतिविधियां सामने आती रही हैं। करीब पांच वर्ष पहले अहार में एक तेंदुआ जिंदा पकड़ा गया था। इसके कुछ समय बाद बामनपुर के जंगल में एक तेंदुआ मृत मिला था। करीब साढ़े तीन साल पहले औरंगाबाद तहारपुर में एक किसान पर तेंदुए ने हमला किया था। वहीं, करीब दो वर्ष पहले पौटा बादशाहपुर में तेंदुआ आबादी क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था। ड्रोन से तलाश कर पकड़ने की मांग ग्रामीणों का आरोप है कि पिंजरे लगाने के बावजूद तेंदुओं को पकड़ने में सफलता नहीं मिल रही है। उन्होंने वन विभाग से ड्रोन और अन्य आधुनिक संसाधनों की मदद से तेंदुओं की तलाश कर उन्हें सुरक्षित पकड़ने की मांग की है। डिप्टी वन रेंजर प्रमोद कुमार ने बताया कि भगवंतपुर गांव में पिंजरा लगाया गया है। वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)