पुलिस कर्मियों पर दुकानदारों से अभद्रता का आरोप:बांदा में मां विंध्यवासिनी मंदिर में लगाते हैं दुकानें, एसपी से शिकायत
बांदा के नरैनी तहसील क्षेत्र के गिरवां स्थित मां विंध्यवासिनी मंदिर में दुकानदारों के साथ कथित अभद्रता और महिलाओं के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग किए जाने का आरोप लगा है। इस संबंध में गीता ने शनिवार को दोपहर 12:30 बजे को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि मां विंध्यवासिनी मंदिर में दूर-दराज से दुकानदार अपनी आजीविका चलाने के लिए आते हैं। वे छोटी-छोटी दुकानें लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आरोप है कि मंदिर में कुछ पुलिसकर्मियों ने दुकानदारों के साथ अभद्र व्यवहार किया। इसके साथ ही महिलाओं के प्रति भी अपमानजनक और अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया गया। इससे दुकानदारों और उनके परिवारों को मानसिक पीड़ा का सामना करना पड़ा। प्रार्थना पत्र में भोजन पकाते समय हुई एक घटना का भी उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता ने कहा कि इस घटना से संबंधित दुकानदारों को परेशानी हुई। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। इसके अलावा दुकानदारों को सम्मानपूर्वक अपनी आजीविका चलाने का अवसर देने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)