बुलंदशहर में 17 करोड़ से चौड़ी होगी लाइफलाइन सड़क:PWD ने 50 से ज्यादा निर्माणों पर लगाई रेड मार्किंग; जल्द चलेगा ध्वस्तीकरण अभियान
शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और आए दिन लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने सड़क चौड़ीकरण की तैयारी तेज कर दी है। भूड़ चौराहे से तहसील और तहसील से नेशनल हाईवे-34 तक जाने वाले प्रमुख मार्ग के चौड़ीकरण की योजना पर काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। परियोजना के दायरे में 50 से अधिक मकान और दुकानें आ गई हैं, जो जांच के दौरान सरकारी जमीन पर बने पाए गए हैं। विभाग ने इन निर्माणों को चिन्हित कर रेड मार्किंग की प्रक्रिया पूरी कर ली है। अब जल्द ही इन्हें हटाने के लिए बुलडोजर कार्रवाई या ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया जाएगा। PWD की तैयारी से सड़क किनारे लंबे समय से सरकारी भूमि पर काबिज लोगों में खलबली मची है। वहीं, प्रभावित परिवारों के सामने भी निर्माण हटाए जाने का संकट खड़ा हो गया है। भूड़ से तहसील मार्ग को शहर की लाइफलाइन माना जाता है। इस मार्ग पर रोजाना बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है। वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण यहां आए दिन घंटों जाम की स्थिति बनती है। आमजन की इसी समस्या को देखते हुए शासन ने सड़क चौड़ीकरण के लिए 17 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया है। योजना के तहत सड़क के डिवाइडर के दोनों ओर चौड़ीकरण का काम प्रस्तावित है। सड़क चौड़ी होने के बाद वाहनों की आवाजाही के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध होगी और यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है। सरकारी जमीन पर बने निर्माणों पर हुई रेड मार्किंग चौड़ीकरण के लिए निर्धारित जमीन की जांच के दौरान 50 से अधिक मकान और दुकानें सरकारी भूमि पर बने पाए गए। PWD ने इन निर्माणों को चिन्हित करते हुए रेड मार्किंग की प्रक्रिया पूरी कर ली है। अब विभाग का अगला कदम इन निर्माणों को हटाकर सड़क चौड़ीकरण के लिए जमीन खाली कराना है। निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू होने की तैयारी से सड़क किनारे सरकारी जमीन पर काबिज लोगों में चिंता बढ़ गई है। प्रभावित परिवारों के सामने अपने मकान और दुकानों को बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है। अतिक्रमण हटाना PWD के लिए बड़ी चुनौती सड़क के निर्धारित दायरे को खाली कराना PWD के लिए प्रशासनिक चुनौती बना हुआ है। स्थानीय निवासियों के विरोध की आशंका को देखते हुए विभाग भी कार्रवाई को लेकर सतर्कता बरत रहा है। निशानदेही का काम पूरा होने के बाद अब निर्माणों को ध्वस्त कर जमीन खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की जानी है। विभाग के मुताबिक, निर्माण हटाए जाने के बाद चौड़ीकरण का जमीनी काम शुरू कर दिया जाएगा। इससे मार्ग पर यातायात के लिए अतिरिक्त जगह मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। EXEN बोले- जल्द शुरू होगा चौड़ीकरण का काम PWD के अधिशासी अभियंता (EXEN) राहुल शर्मा ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण से पूरे शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा। चिन्हित किए गए निर्माणों को हटाकर चौड़ीकरण का काम जल्द से जल्द शुरू किया जाएगा, ताकि आम जनता को आवागमन में सहूलियत मिल सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)