कन्नौज में टेंडर गड़बड़ी, सिडको के XEN सस्पेंड:संविदा JE बर्खास्त, मंत्री असीम अरुण ने दिए FIR के निर्देश
कन्नौज में टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी की शिकायत पर सिडको के एक्सीएन को समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री असीम अरुण के निर्देश पर निलंबित कर दिया गया। जबकि संविदा पर तैनात JE को बर्खास्त कर दिया है। उनके खिलाफ एफआईआर के भी निर्देश दिए हैं। मंत्री असीम अरुण ने बताया कि कन्नौज में सिडको द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों में गड़बड़ी की शिकायत मिली थी। आरोप है कि एकीकृत विकास योजना के अंतर्गत साढ़े तीन करोड़ रुपए के टेंडर में ठेकेदार को अनुचित लाभ दिया गया। शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद एक्सीएन संजय गंगवार को निलंबित किया गया है। एक्सीएन पर आरोप है कि टेंडर प्रक्रिया में उनके द्वारा पारदर्शिता नहीं अपनाई गई। एक ही ठेकेदार को बार-बार अनुबंध आवंटित करने और स्वीकृत राशि की तुलना में टेंडर राशि में नाम मात्र का अंतर रखकर नियमों की अनदेखी करने का मामला सामने आया। जबकि संविदा पर तैनात जूनियर इंजीनियर कमल बाबू को विभाग ने बर्ख़ास्त कर दिया है। JE पर आरोप है कि चैट और वॉइस कॉल्स के माध्यम से उनके द्वारा रिश्वत की मांग की गई। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया इंजिनियर पर आरोप सही पाए गए। मंत्री असीम अरुण ने बताया कि एसपी बिनोद कुमार को मामले में FIR दर्ज कर इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल साक्ष्यों की गहनता से फॉरेंसिक जांच कराने का आदेश दिया है। उन्होंने बताया कि संपूर्ण प्रकरण में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मंत्री असीम अरुण का बयान हमारी सरकार भ्रष्टाचार और अनियमितता के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर कटिबद्ध है। जनता के पैसे का दुरुपयोग या टेंडर प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का पक्षपात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)