चाइनीज मांझे पर वाराणसी पुलिस का बड़ा एक्शन, 9 गिरफ्तार:137 किलो से ज्यादा चाइना मांझा बरामद; रामनगर घाट पर लावारिस मिले 20 किलो

Oct 13, 2026 - 08:04
0
चाइनीज मांझे पर वाराणसी पुलिस का बड़ा एक्शन, 9 गिरफ्तार:137 किलो से ज्यादा चाइना मांझा बरामद; रामनगर घाट पर लावारिस मिले 20 किलो
देश में त्योहारों का सीजन शुरू होते ही आसमान में पतंगबाजी का रोमांच बढ़ जाता है। लेकिन इसके साथ ही जानलेवा चाइनीज मांझे का खतरा भी मंडराने लगता है। रविवार 11 अक्टूबर को 55 वर्षीय सुनील गुजराती की कज्जाकपुरा फ्लाईओवर पर चाइना मांझा से मौत हुई थी।वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने इस जानलेवा चाइना मांझा के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। जिसके बाद पुलिस कमिश्नर वाराणसी के कड़े निर्देशों पर सोमवार दिन भर पूरे शहर में एक साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस मेगा ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 137 किलोग्राम से अधिक प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया है। इस कार्रवाई के दौरान सबसे चौंकाने वाला मामला रामनगर थाना क्षेत्र में सामने आया। जहां घाट किनारे पुलिस को लावारिस हालत में 20 किलोग्राम प्रतिबंधित मांझा मिला। आशंका जताई जा रही है कि पुलिस की सख्त नाकेबंदी और छापेमारी देखकर तस्कर या दुकानदार इस खेप को घाट पर ही छोड़कर फरार हो गए। शहरभर की दुकानों और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस की टीमों ने सोमवार सुबह से ही शहर के सभी प्रमुख बाजारों, पतंग और धागा बेचने वाली दुकानों के साथ-साथ संदिग्ध गोदामों पर एक साथ दबिश दी। पुलिस आयुक्त के साफ निर्देश थे कि किसी भी कीमत पर जानलेवा चाइनीज मांझे की बिक्री और भंडारण को रोका जाए। इस पूरे अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 8 मुकदमे (अभियोग) दर्ज किए हैं। इन थाना क्षेत्रों में हुई गिरफ्तारी पुलिस विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, सबसे बड़ी सफलता दशाश्वमेध थाने को मिली। यहां पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से अकेले 56 किलोग्राम चाइनीज मांझा जब्त किया। वहीं कोतवाली पुलिस ने 2 आरोपियों को दबोचकर 37.873 किलोग्राम मांझा बरामद किया। इसके अलावा रामनगर में लावारिस 20 किलो घाट किनारे से बरामद हुआ है। भेलूपुर थानाक्षेत्र से एक गिरफ्तारी के साथ 10 किलो चाइना मांझा बरामद हुआ है। लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने 1 आरोपी को गिरफ्तार कर 6. 500 ग्राम प्रतिबंधित मांझा बरामद किया है। सारनाथ पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार करते हुए 3 किलो 865 ग्राम, मंडुआडीह पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार करते हुए 2 किलो और लोहता पुलिस ने 1 व्यक्ति को गिरफ्तार करते हुए आधा किलो मांझा जब्त किया है। लापरवाही पर नपेंगे थाना प्रभारी इस बड़ी कार्रवाई के बाद वाराणसी के पुलिस आयुक्त ने सभी थाना प्रभारियों (SHOs) और चौकी इंचार्जों को बेहद कड़े लहजे में निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि शहर में चाइनीज मांझे की बिक्री, भंडारण और इसके उपयोग पर पूरी तरह से प्रभावी अंकुश लगाया जाए। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर किसी भी क्षेत्र में चाइनीज मांझे से कोई दुर्घटना होती है या अवैध बिक्री पाई जाती है, तो सीधे संबंधित थाना प्रभारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी और उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई होगी। कमिश्नरेट पुलिस ने शहर के सभी पतंग व्यवसायियों और आम नागरिकों को चेतावनी दी है कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचना, उसका स्टॉक रखना या पतंग उड़ाने के लिए उसका इस्तेमाल करना एक गंभीर और दंडनीय अपराध है। ऐसा करने वालों के खिलाफ पर्यावरण संरक्षण अधिनियम और आईपीसी की सुसंगत धाराओं के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User