चार छात्राएं बनीं एक दिन की निदेशक:प्रदेश के स्कूलों में किचन की सफाई का दिया आदेश

Oct 14, 2026 - 14:18
0
चार छात्राएं बनीं एक दिन की निदेशक:प्रदेश के स्कूलों में किचन की सफाई का दिया आदेश
अब प्रदेश के स्कूलों में मिड-डे मील के किचन की सफाई और बच्चों को पौष्टिक भोजन देने की जिम्मेदारी पर बेटियों की नजर रहेगी। मिशन शक्ति अभियान के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, काकोरी की चार छात्राओं ने बुधवार को मध्याह्न भोजन प्राधिकरण में एक दिन की निदेशक बनकर विभागीय कामकाज की समीक्षा की। छात्राओं ने प्रदेश के सभी परिषदीय और कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के किचन में विशेष सफाई अभियान चलाने का आदेश दिया है। इसके तहत गुरुवार से प्रदेशभर के स्कूलों में विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया जाएगा। निदेशक की कुर्सी संभालकर प्रशासनिक जिम्मेदारियों को समझा छात्राएं मुस्कान, सरिता, साक्षी और राधिका ने निदेशक की कुर्सी संभालकर प्रशासनिक जिम्मेदारियों को समझा। उन्होंने स्कूलों में बच्चों को ताजा, संतुलित और पौष्टिक भोजन देने के साथ किचन शेड में स्वच्छता के मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही खाना बनाने वाली रसोइयों को समय-समय पर स्वच्छता और पोषण प्रबंधन का प्रशिक्षण देने पर जोर दिया। छात्राओं ने दिए ये सुझाव एक दिन की निदेशक बनीं छात्राओं ने मध्याह्न भोजन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों में बच्चों की संख्या के हिसाब से पर्याप्त भोजन तैयार किया जाए। मिड-डे मील के मेन्यू में पोषक तत्वों का ध्यान रखा जाए और आधुनिक किचन व्यवस्था को बढ़ावा दिया जाए। इसके अलावा, जरूरत पड़ने पर अस्वस्थ बच्चों को तत्काल प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। निदेशक बोले- आदेश का होगा पालन मध्याह्न भोजन प्राधिकरण के निदेशक प्रेमरंजन सिंह ने छात्राओं के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक सोच की सराहना की। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य बेटियों में निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना और उन्हें भविष्य में नेतृत्वकारी भूमिकाओं के लिए तैयार करना है। निदेशक ने आश्वस्त किया कि छात्राओं की ओर से दिए गए स्वच्छता और पोषण संबंधी निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। इसके तहत प्रदेश के स्कूलों के किचन में विशेष सफाई अभियान चलाकर बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User