चार छात्राएं एक दिन के लिए बनीं डीएम:देवरिया में जनसुनवाई कर शिकायतें सुनीं, अधिकारियों से कामकाज सीखा

Oct 16, 2026 - 14:34
0
चार छात्राएं एक दिन के लिए बनीं डीएम:देवरिया में जनसुनवाई कर शिकायतें सुनीं, अधिकारियों से कामकाज सीखा
देवरिया में मिशन शक्ति अभियान के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, बैतालपुर की चार छात्राओं को एक दिन के लिए सांकेतिक डीएम बनने का मौका मिला। शुक्रवार को सुबह 11 बजे छात्राओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासनिक कामकाज को समझा। उन्होंने जनसुनवाई में लोगों की शिकायतें सुनीं और उनके निस्तारण की प्रक्रिया जानी। एक दिन की डीएम बनने वाली छात्राओं में रानीका पांडेय (कक्षा सात), मानवी पटेल (कक्षा आठ), पलक पटेल (कक्षा आठ) और रागिनी यादव (कक्षा नौ) शामिल थीं। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि शिकायतें कैसे दर्ज होती हैं और संबंधित विभागों तक कैसे पहुंचाई जाती हैं। छात्राओं को शिकायतों पर कार्रवाई की निगरानी और समय पर निस्तारण के बारे में भी बताया गया। उन्होंने प्रशासनिक कामकाज से जुड़े सवाल पूछे, जिनके जवाब अधिकारियों ने दिए। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने के लिए उन्हें व्यावहारिक अनुभव देना जरूरी है। इससे उन्हें जनसेवा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता का महत्व समझने का मौका मिलता है। उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य बालिकाओं को प्रशासनिक व्यवस्था से परिचित कराना और समाज के विकास में उनकी भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। इस मौके पर मुख्य राजस्व अधिकारी चंद्रेश कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य, अपर उपजिलाधिकारी अखिलेश सिंह यादव और नम्रता सिंह भी मौजूद थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User