चार छात्राओं ने एक दिन के लिए संभाली भोजन निदेशक:मिशन शक्ति के तहत काकोरी के कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्राओं ने जारी किए निर्देश, प्रदेश के स्कूलों की रसोई में चलेगा विशेष सफाई अभियान

Oct 14, 2026 - 13:28
0
चार छात्राओं ने एक दिन के लिए संभाली भोजन निदेशक:मिशन शक्ति के तहत काकोरी के कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्राओं ने जारी किए निर्देश, प्रदेश के स्कूलों की रसोई में चलेगा विशेष सफाई अभियान
उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, काकोरी की चार छात्राओं ने एक दिन के लिए मध्याह्न भोजन प्राधिकरण के निदेशक की जिम्मेदारी संभाली। मुस्कान, सरिता, साक्षी और राधिका ने इस दौरान स्कूलों में मध्याह्न भोजन की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई निर्देश जारी किए। छात्राओं ने रसोईघरों की साफ-सफाई, बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने और रसोइयों को प्रशिक्षण देने पर जोर दिया। रसोई की सफाई और पौष्टिक भोजन पर जोर छात्राओं ने प्रदेश के सभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिए निर्देश जारी किए। इनमें रसोईघरों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन देने और रसोइयों को स्वच्छता व पोषण प्रबंधन का प्रशिक्षण देने को कहा गया। उन्होंने मध्याह्न भोजन की व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए पर्याप्त मात्रा में भोजन तैयार करने और मेन्यू में पोषक तत्वों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के सुझाव भी दिए। आधुनिक रसोई और बीमार बच्चों को प्राथमिक उपचार छात्राओं ने स्कूलों में आधुनिक रसोई व्यवस्था का विस्तार करने और भोजन वितरण के दौरान बच्चों की जरूरतों का ध्यान रखने की बात कही। उन्होंने अस्वस्थ होने वाले बच्चों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने का सुझाव भी दिया। इन पहलों का उद्देश्य स्कूलों में बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर गुणवत्ता वाला भोजन उपलब्ध कराना है। पूरे प्रदेश में चलेगा विशेष सफाई अभियान मध्याह्न भोजन प्राधिकरण के निदेशक प्रेमरंजन सिंह ने छात्राओं के आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता की सराहना की। उन्होंने कहा कि छात्राओं की ओर से जारी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन कराया जाएगा। सिंह के मुताबिक, स्वच्छता और पोषण से जुड़े निर्देशों के तहत प्रदेश के सभी स्कूलों के रसोईघरों में विशेष और व्यापक सफाई अभियान चलाया जाएगा। मिशन शक्ति के तहत आयोजित इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने का कौशल और प्रशासनिक कामकाज की समझ विकसित करना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User